'डरा रहा है ओडिशा का मुर्दाघर स्कूल...', बुलडोजर और मंत्रों के साथ अब पुजारी करेंगे शुद्धिकरण
Bahanaga high school demolition: ओडिशा में शवों को रखने के लिए जिस स्कूल को मुर्दाघर बनाया गया था, उसे लेकर गांव वालों ने कुछ अहम बातों का खुलासा किया है।

Bahanaga high school demolition: 275 लोगों की जान लेने वाले ओडिशा के बालासोर ट्रेन हादसे में अभी भी कई शव ऐसे हैं, जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, इस रेल हादसे के बाद शवों को रखने के लिए जिस हाईस्कूल को मुर्दाघर बनाया गया था, उस स्कूल को लेकर अब एक बड़ी खबर सामने आई है।
दरअसल, बालासोर ट्रेन हादसे के बाद अस्पतालों के मुर्दाघर में जगह कम पड़ने पर शवों को रखने के लिए बहानागा हाईस्कूल को मुर्दाघर में तब्दील किया गया था। ये स्कूल हादसे वाली जगह के पास ही स्थित है। अब जब, वहां से सभी शव उठा लिए गए हैं तो प्रशासन ने फैसला लिया है कि इस स्कूल को ढहाया जाए। शुक्रवार को तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में इस स्कूल को ढहा दिया गया।
पुजारी को सौंपी गई शुद्धिकरण की जिम्मेदारी
स्कूल को ढहाने का फैसला इसलिए लिया गया है, क्योंकि गांव के लोग चाहते हैं कि यहां कक्षाएं शुरू करने से पहले इस जगह का शुद्धिकरण किया जाए। गांव के लोगों का कहना था कि स्कूल में शव रखे गए थे, ऐसे में यहां पढ़ने वाले बच्चों के मन में एक डर बना रहेगा। उन्होंने अपनी ये मांग स्कूल प्रशासन के सामने रखी, जिसके बाद इस स्कूल को ढहाने का फैसला लिया गया। स्कूल के शुद्धिकरण की जिम्मेदारी एक पुजारी को सौंपी गई है।
'ना बच्चे आना चाहते हैं, ना टीचर'
स्कूल को ढहाने के बाद यहां फिर से नई इमारत बनाई जाएगी और इसके बाद पूजा-पाठ के जरिए शुद्धिकरण किया जाएगा। आपको बता दें कि फिलहाल ये स्कूल गर्मियों की छुट्टियों की वजह से बंद है। राजा संक्राति के बाद 19 जून से स्कूल खुलना है और इसके बाद यहां कक्षाएं शुरू होंगी। गांव वालों का कहना है कि यहां पढ़ने वाले बच्चे और टीचर दोनों स्कूल में आने से डर रहे हैं।
गांव के लोगों ने जब अपना ये डर स्कूल प्रशासन के सामने रखा, तो उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर इसे ढहाकर फिर से नई बिल्डिंग बनाने का फैसला लिया। इसके बाद गुरुवार को बालासोर के कलेक्टर ने स्कूल का दौरा किया और शुक्रवार को इसे ढहा दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications