'मेरी छवि खराब करने की कोशिश',लालू यादव बेटी को मनाने जा रहे सिंगापूर? रोहिणी का फूटा गुस्सा, किसकी लगाई क्लास
Rohini Acharya Viral Post: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की बेटी रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) एक बार फिर बिहार की राजनीति में चर्चा का बड़ा चेहरा बन गई हैं। पिछले कुछ दिनों से परिवार और पार्टी के भीतर चल रही हलचल के बीच उनके विधान परिषद जाने की अटकलें तेजी से फैल रही थीं। इसी दौरान भतीजे इराज लालू यादव (Iraj Lalu Yadav) के जन्मदिन समारोह में उनकी गैरमौजूदगी ने भी चर्चाओं को और हवा दे दी।
अब इन तमाम खबरों पर खुद रोहिणी आचार्य ने खुलकर जवाब दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा पोस्ट लिखते हुए साफ कहा कि उन्हें लेकर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह झूठी हैं और कुछ लोग जानबूझकर उनकी छवि खराब करने में लगे हैं। रोहिणी ने अपने पोस्ट में तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कई लोगों पर साजिश रचने का आरोप लगाया है।

सोशल मीडिया पोस्ट में निकाला गुस्सा
रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि "बुरी नियत वालों का मुंह फिर होगा काला।" उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग विरोधियों के साथ मिलकर और अपने करीबी मीडिया संपर्कों की मदद से यह अफवाह फैला रहे हैं कि उन्हें विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह सब उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। रोहिणी ने साफ किया कि फिलहाल उनकी विधान परिषद जाने की कोई योजना नहीं है और जो खबरें चलाई जा रही हैं, उनमें सच्चाई नहीं है।
बेटे और सास को लेकर भी फैली थीं खबरें
रोहिणी ने अपने पोस्ट में पुराने विवादों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे पहले उनके नाबालिग बेटे और उनकी सास के चुनाव लड़ने की अफवाहें भी उड़ाई गई थीं। उस समय भी ऐसी खबरें गलत साबित हुई थीं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लगातार उनके बारे में झूठ फैलाकर माहौल बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन इससे उनकी छवि पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि लोग उन्हें अच्छी तरह जानते हैं।
'लालच की राजनीति से दूर हूं'
रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि वह किसी पद या लालच की राजनीति नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा गलत के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं और आगे भी ऐसा करती रहेंगी। उनका कहना था कि उन्हें किसी भी तरह का राजनीतिक ऑफर देकर चुप नहीं कराया जा सकता। उन्होंने इशारों में उन लोगों पर निशाना साधा जो उनके रुख को बदलने की कोशिश कर रहे हैं।
लालू के सिंगापुर दौरे से बढ़ी हलचल
इसी बीच लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के सिंगापुर जाने की खबर ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। जानकारी के मुताबिक वह किडनी ट्रांसप्लांट के बाद रुटीन मेडिकल चेकअप के लिए सिंगापुर जा रहे हैं। कोर्ट से पासपोर्ट की अनुमति मिलने के बाद उनका दौरा तय हुआ है।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी शुरू हो गई कि लालू प्रसाद अपनी बेटी रोहिणी आचार्य को मनाने सिंगापुर जा सकते हैं। इसी के साथ परिवार के भीतर रिश्तों को लेकर कई तरह की बातें सामने आने लगीं।
तेजस्वी और रोहिणी के रिश्तों पर भी चर्चा
बीते कुछ समय से तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) और रोहिणी आचार्य के रिश्तों को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। विधानसभा चुनाव में राजद की हार के बाद रोहिणी ने खुलकर पार्टी के अंदरूनी कामकाज पर सवाल उठाए थे। उन्होंने संजय यादव (Sanjay Yadav) को हार का जिम्मेदार बताया था, जिसके बाद पार्टी के भीतर नाराजगी की खबरें सामने आई थीं।
बताया गया कि इन बयानों के बाद रोहिणी और तेजस्वी के बीच दूरी बढ़ गई। इराज के जन्मदिन समारोह में उनकी गैरमौजूदगी को भी इसी विवाद से जोड़कर देखा गया।
तेज प्रताप को लेकर भी उड़ी चर्चा
परिवार को लेकर एक और चर्चा यह भी रही कि तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) को अगले चुनाव में पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ाया जा सकता है। हालांकि इन खबरों पर परिवार या पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अब रोहिणी आचार्य के ताजा पोस्ट के बाद इतना साफ हो गया है कि वह फिलहाल विधान परिषद चुनाव की दौड़ में शामिल नहीं हैं और अपने खिलाफ चल रही अफवाहों से नाराज हैं।
ये भी पढ़ें: NEET के बाद अब SSC GD परीक्षा विवादों में, क्या लीक हुआ पेपर? क्यों लास्ट मिनट पर कैंसिल हुआ एग्जाम?












Click it and Unblock the Notifications