Mann Ki Baat: नशा से मोबाइल चोरी तक, मन की बात में PM मोदी ने कही ये बड़ी बातें,इस युवक की कहानी सुन हुए भावुक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की लत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा बड़े सपने देख रहे हैं, लेकिन ड्रग्स की लत उनके रास्ते में बड़ी चुनौती बन रही है। पीएम मोदी ने कहा कि नशा युवाओं के लिए चुनौती बन गई है और इससे मुक्ति जरूरी है।

इस दौरान पीएम मोदी ने दिल्ली के एक युवक से फोन पर बात की, जिसने कम उम्र में नशा शुरू किया, परिवार का साथ खोया और सड़कों पर रहने तक की नौबत देखी। लेकिन उसने हार नहीं मानी और इलाज के जरिए अपनी जिंदगी को नई दिशा दी। पीएम मोदी नशे की अंधेरी दुनिया से लौटे युवक की कहानी सुन भावुक हो गए।

PM Modi Mann Ki Baat

पीएम मोदी ने युवक की कहानी को उन लोगों के लिए उम्मीद बताया, जो नशे की गिरफ्त से बाहर निकलना चाहते हैं। इस एपिसोड में पीएम ने सरकारी कर्मचारियों के ऑनलाइन ट्रेनिंग प्लेटफॉर्म, खोए हुए मोबाइल को खोजने वाले 'संचार साथी' ऐप, पटना के म्यूजियम और भारत की कला, चॉकलेट व खेलों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया।

'हमारा हौसला बुलंद,हिम्मत अटूट', महिला आरक्षण पर PM मोदी का बड़ा संदेश, कहा- 'नारी शक्ति से किया वादा निभाएंगे
'हमारा हौसला बुलंद,हिम्मत अटूट', महिला आरक्षण पर PM मोदी का बड़ा संदेश, कहा- 'नारी शक्ति से किया वादा निभाएंगे

मन की बात में नशे पर बोले PM मोदी, सुनाई लत से बाहर निकले युवक की कहानी

दिल्ली के सदर बाजार में रहने वाले इस युवक ने पीएम मोदी को बताया कि उसने 10वीं क्लास में पहली बार ड्रग्स लिया था। आसपास छोटे बच्चों और स्कूल के सीनियर छात्रों को नशा करते देखकर उसके मन में भी इसे आजमाने की इच्छा हुई। शुरुआत में उसे यह सिर्फ शौक लगा, लेकिन धीरे-धीरे वह इसकी गिरफ्त में आता चला गया। हालत यह हो गई कि वह घर से किताबों, स्कूल फीस और पिकनिक के नाम पर पैसे मांगता और उन्हें नशे पर खर्च कर देता था।

युवक ने बताया कि उसके पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। इसके बाद नानी उसकी मां और उसे अपने घर ले आई थीं। कुछ समय बाद मां और फिर नानी का भी निधन हो गया। परिवार का सहारा छूटने के बाद वह सड़कों पर रहने लगा। सर्दियों में खाली आलू के बोरों में सोता और भंडारे-लंगर में मिलने वाले खाने से गुजारा करता था। रिश्तेदारों ने भी उससे दूरी बना ली थी। उसके आसपास रहने वाले दोस्त भी नशे में डूबे थे।

युवक ने बताया कि एक दोस्त से उसे उम्मीद थी कि वह नशा छोड़ने में मदद करेगा, लेकिन आखिरी वक्त पर उसने भी साथ देने से मना कर दिया। इसके बाद उसे लगा कि नशे की वजह से वह अपना परिवार और बाकी रिश्ते पहले ही खो चुका है। अब जिंदगी बचाने के लिए उसे खुद कदम उठाना होगा।

उसने दिल्ली के वसंत कुंज स्थित सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ यूथ एंड मासेस (SPYM) के नशामुक्ति केंद्र से इलाज कराया। लेकिन केंद्र से बाहर आने के बाद वह फिर नशे की तरफ लौट गया। ऐसा तीन बार हुआ। युवक ने बताया कि उसके पास रहने के लिए कोई घर नहीं था। इलाज के बाद बाहर निकलता तो पुराने दोस्तों और उसी माहौल में लौट जाता। आखिरकार उसने खुद को संभालने और जिंदगी बदलने का फैसला किया।

पीएम मोदी ने उसकी हिम्मत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस युवक ने दिखाया है कि मजबूत इच्छाशक्ति हो तो मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। युवक ने भी दूसरे युवाओं से कहा कि नशे की शुरुआत भले अच्छी लगे, लेकिन इसका नुकसान इंसान के साथ उसके परिवार को भी उठाना पड़ता है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए 7 हजार से ज्यादा कोर्स

पीएम मोदी मोदी ने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के डिजिटल ट्रेनिंग प्लेटफॉर्म आईगॉट कर्मयोगी का जिक्र किया। उनके मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं। कई कर्मचारी 20 से 25 साल की सरकारी सेवा के बाद भी नई चीजें सीख रहे हैं। कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की पढ़ाई कर रहा है, तो कोई इंडियन साइन लैंग्वेज सीख रहा है।

पीएम मोदी ने बताया कि एआई और नई तकनीक से जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स हैं। इन्हें 3.25 करोड़ से ज्यादा बार पूरा किया जा चुका है। इस प्लेटफॉर्म से सिर्फ केंद्र ही नहीं, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारी भी जुड़े हैं। आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कर्मचारी, शिक्षक, पुलिसकर्मी और स्वास्थ्यकर्मी भी इससे सीख रहे हैं।

मोदी सरकार ने कैसे पाले में किए 8 दक्षिण भारतीय दल? वो 3 विपक्षी पार्टी जिन्होंने बदला गेम, परिसीमन का गणित
मोदी सरकार ने कैसे पाले में किए 8 दक्षिण भारतीय दल? वो 3 विपक्षी पार्टी जिन्होंने बदला गेम, परिसीमन का गणित

फोन खो जाए तो संचार साथी प्लेटफॉर्म से ऐसे मिलेगी मदद

मोबाइल खोने या चोरी होने पर क्या करना चाहिए, पीएम मोदी ने इसका तरीका भी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का संचार साथी प्लेटफॉर्म इस काम में मदद कर सकता है। हर मोबाइल की एक अलग पहचान होती है, जिसे आईएमईआई नंबर कहते हैं। मोबाइल खोने पर पुलिस शिकायत दर्ज कराने के बाद इस नंबर और जरूरी जानकारी के साथ संचार साथी पोर्टल पर फोन ब्लॉक करने की रिक्वेस्ट दी जा सकती है।

फोन ब्लॉक होने के बाद कोई दूसरा व्यक्ति उसमें नया सिम डालकर भी भारतीय मोबाइल नेटवर्क पर उसका इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। अगर कोई नया सिम लगाकर फोन को नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश करता है, तो पुलिस के लिए उसकी लोकेशन का पता लगाना आसान हो सकता है। पीएम ने बताया कि इस सिस्टम से अब तक देशभर में 14 लाख से ज्यादा खोए हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

उन्होंने पुणे के हिमांशु सिंह का भी जिक्र किया। हिमांशु ने संचार साथी पर 300 से ज्यादा संदिग्ध मोबाइल नंबरों की शिकायत की। पीएम मोदी के मुताबिक, उनकी कोशिश से करीब 18 हजार मोबाइल कनेक्शन बंद किए गए।

पटना के बिहार म्यूजियम पर क्या बोले पीएम मोदी?

पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे जहां भी घूमने जाएं, वहां के म्यूजियम जरूर देखें। उन्होंने बिहार की राजधानी पटना के बिहार म्यूजियम का खास तौर पर जिक्र किया। पीएम ने बताया कि दुनिया के 100 बेहतरीन म्यूजियम की सूची में इसे नौवां स्थान मिला है। एशिया में यह पहले नंबर पर है। इस सूची में बिहार म्यूजियम ने पेरिस के लूव्र और न्यूयॉर्क के मेट म्यूजियम से भी बेहतर रैंक हासिल की है।

उन्होंने गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम की भी तारीफ की। यहां खुदाई में मिले 5 हजार से ज्यादा पुराने अवशेष रखे गए हैं। इसी महीने इस म्यूजियम को बर्लिन में डिजाइन के क्षेत्र का प्रतिष्ठित 'रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट' अवॉर्ड मिला।

वेनिस आर्ट बिएनाले में भारत के पवेलियन को मिली तारीफ

पीएम मोदी ने कला के क्षेत्र में भारत की उपलब्धि भी साझा की। इटली में होने वाले वेनिस आर्ट बिएनाले को उन्होंने कला की दुनिया का ओलंपिक बताया। इस आयोजन में भारत के पवेलियन को करीब 4.5 लाख लोगों ने देखा।

पीएम मोदी ने कहा कि दुनियाभर से आए दर्शकों ने वोटिंग के जरिए भारतीय पवेलियन को सबसे बेहतर चुना। उन्होंने बताया कि दिसंबर के पहले हफ्ते से दिल्ली में इंडिया बिएनाले भी शुरू होने जा रहा है। यह आयोजन 108 दिनों तक चलेगा। इसमें देश के ऐतिहासिक स्मारक, म्यूजियम और आर्ट गैलरी शामिल होंगे।

पीएम मोदी ने भारतीय चॉकलेट की विदेशों में बढ़ी मांग पर क्या कहा?

पीएम मोदी ने भारतीय चॉकलेट और कोको से बने उत्पादों की बढ़ती पहचान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले साल इनके निर्यात में करीब 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

देश के अलग-अलग हिस्सों के उद्यमी नए स्वाद और आइडिया के साथ इस कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं। गुजरात के कच्छ में ऊंटनी के दूध से चॉकलेट और आइसक्रीम बनाने का उदाहरण भी दिया। वहीं तमिलनाडु के इरोड का ऑर्गेनिक पाम गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है।

खेलों में भारत की उपलब्धियों पर क्या बोले PM मोदी?

खेलों की बात करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि पुणे में 2032 की यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप आयोजित होगी। भारतीय फुटबॉल टीम ने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप जीती है। बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जर्मनी और जापान में लगातार दो सुपर 500 खिताब अपने नाम किए। वह कुमामोटो मास्टर्स जीतने वाले पहले भारतीय बने। वहीं, पीवी सिंधु ने हायलो ओपन जीतकर भारत को एक और खिताब दिलाया।

पीएम मोदी ने फिट इंडिया अभियान के तहत चलने वाले 'संडेज ऑन साइकिल' के 100 आयोजन पूरे होने का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इस पहल से 30 हजार से ज्यादा जगहों पर 37 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। तेलंगाना में 11 से 22 दिसंबर तक होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए भी उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+