'Ramayana' की दुनिया में अब खेल सकेंगे GTA जैसा वीडियो गेम, जटायु के साथ उड़ेंगे और रावण से करेंगे मुकाबला
Ramayana Video Game: रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीत रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिलीज के बाद से ही शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और बॉक्स ऑफिस पर भी इसकी कमाई लगातार जारी है। इसी बीच फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि 'रामायण' की दुनिया को वीडियो गेम के जरिए भी दर्शकों के सामने लाने की तैयारी चल रही है। खास बात ये है कि ये गेम GTA की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है, जिसमें खिलाड़ी खुद इस महाकाव्य की दुनिया का हिस्सा बन सकेंगे।
'रामायण' पर बनेगा GTA जैसा एक्शन वीडियो गेम
नमित मल्होत्रा ने दूरदर्शन को दिए एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि उनकी टीम 'रामायण' की कहानी और इसके भव्य संसार पर आधारित एक एक्शन वीडियो गेम विकसित कर रही है। इस गेम का मकसद सिर्फ मनोरंजन करना नहीं बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय महाकाव्य से जोड़ना भी है।

'रामायण' की कहानी को समझने के लिए तैयार हो रहा है गेम?
प्रोड्यूसर चाहते हैं कि बच्चे और युवा गेम खेलते हुए रामायण की कहानी, इसके किरदारों और घटनाओं को समझें। गेम के जरिए उन्हें एक ऐसा अनुभव देने की कोशिश होगी, जिसमें वो केवल कहानी देखने वाले नहीं बल्कि खुद उसके भीतर मौजूद महसूस करें।
नमित मल्होत्रा ने गेम को लेकर क्या बताया?
-वीडियो गेम के बारे में बात करते हुए नमित मल्होत्रा ने बताया कि रामायण पर GTA जैसा गेम तैयार किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने फिलहाल इसकी ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है और कहा कि सही समय आने पर गेम से जुड़ी बाकी डिटेल्स सामने रखी जाएंगी।
-नमित मल्होत्रा की सोच है कि जिस तरह बच्चे GTA जैसे गेम खेलना पसंद करते हैं, उसी तरह उन्हें रामायण की दुनिया में भी खेलने और रोमांच महसूस करने का मौका मिलना चाहिए। इस गेम के जरिए मनोरंजन के साथ-साथ पौराणिक कथा से जुड़ी सीख भी दी जा सकेगी।
जटायु के साथ उड़ने और रावण से लड़ने का मिलेगा मौका
-नमित मल्होत्रा ने गेम के अनुभव को लेकर कुछ दिलचस्प बातें भी शेयर कीं। उन्होंने बताया कि उनकी इच्छा है कि फिल्म देखने के बाद दर्शक उसकी दुनिया से और गहराई से जुड़ सकें। गेम में खिलाड़ियों को जटायु के साथ उड़ने और रावण से मुकाबला करने जैसे रोमांचक अनुभव मिल सकते हैं।
-उन्होंने कहा कि जब दर्शक फिल्म की दुनिया पर भरोसा करने लगेंगे और उसके किरदारों से जुड़ जाएंगे, तब वो गेम के जरिए भी उस दुनिया में जाना चाहेंगे। इसी विचार को ध्यान में रखकर इस प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। फिलहाल गेम निर्माण के चरण में है और इसके बारे में विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
'रामायण' में नजर आ रहे हैं ये स्टार्स
फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा रवि दुबे, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, शीबा चड्ढा और काजल अग्रवाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और नमित मल्होत्रा इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं।
'रामायण' का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन
-'रामायण' का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ था और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने रिलीज के 24वें दिन यानी चौथे शनिवार को 14.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
-इसके साथ ही भारत में फिल्म की 24 दिनों की कुल नेट कमाई 1,015.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। फिल्म का दूसरा पार्ट दिवाली 2028 में रिलीज किए जाने की योजना है। अब फिल्म की सफलता के बीच वीडियो गेम की घोषणा ने दर्शकों के उत्साह को और बढ़ा दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
