भारतीय टीम पर मंडराया हार का खतरा, क्राइस्टचर्च में कितना है सबसे बड़ा रन चेज? गिल की टीम को चमत्कार की जरूरत
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारतीय टीम की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। पहली पारी में 110 रन से पिछड़ने के बाद मेजबान टीम ने दूसरी पारी में भी मजबूत शुरुआत की है। ऐसे में भारत के सामने सिर्फ मुकाबला बचाने की चुनौती नहीं है, बल्कि उसे हगले ओवल के आंकड़ों से भी लड़ना होगा।
इस मैदान पर आज तक कोई टीम 300 या उससे ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल करके टेस्ट मैच नहीं जीत सकी है। क्राइस्टचर्च के हगले ओवल में टेस्ट क्रिकेट की सबसे बड़ी सफल रन चेज का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम है। मार्च 2023 में श्रीलंका के खिलाफ मेजबान टीम ने 285 रन का लक्ष्य हासिल किया था। उस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने आठ विकेट खोकर 285 रन बनाए और दो विकेट से जीत दर्ज की।

इस ऐतिहासिक जीत के हीरो केन विलियमसन रहे थे। उन्होंने नाबाद 121 रन बनाए, जबकि डेरिल मिचेल ने 81 रन की पारी खेली थी। मुकाबले का नतीजा आखिरी गेंद पर निकला था। विलियमसन ने अंतिम गेंद पर बाई लेकर टीम को जीत दिलाई थी। नील वैगनर चोटिल होने के बावजूद दूसरे छोर पर मौजूद थे।
कोई टीम नहीं कर पाई 300 का लक्ष्य हासिल
इस मैदान पर 300 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल करना अब तक किसी टीम के लिए संभव नहीं हुआ है। यहां सिर्फ तीन सफल रन चेज 200 रन के आंकड़े को पार कर सके हैं। इंग्लैंड ने 2024 में 104/2 का स्कोर बनाकर एक सफल रन चेज किया था, जो इस मैदान के रिकॉर्ड में सातवें स्थान पर है।
भारत के सामने क्यों बढ़ी मुश्किल?
भारत ने पहली पारी में न्यूजीलैंड को 356 रन पर समेट दिया था। जवाब में भारतीय बल्लेबाजी 246 रन पर सिमट गई। ध्रुव जुरेल ने 88 रन की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारत 110 रन से पिछड़ गया।
इसके बाद न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में भी रन बनाने जारी रखे। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने 133 रन पर तीन विकेट गंवाए थे और उसकी कुल बढ़त 243 रन हो चुकी थी। रचिन रविंद्र 46 रन बनाकर नाबाद थे।
मैच में अभी दो दिन से ज्यादा का खेल बाकी है। ऐसे में न्यूजीलैंड की बढ़त और बढ़ सकती है। भारत को अगर यह मुकाबला जीतना है तो उसे हगले ओवल में अब तक के सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड भी तोड़ना पड़ सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
