'राजनीति की कोई भी शक्ति परिवार के बीच...', अमेठी से नहीं मिला रॉबर्ट वाड्रा को टिकट, लिखी भावुक पोस्ट
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव में रॉबर्ट वाड्रा की उम्मीदवारी की चर्चा तेज थी। जब तक कांग्रेस ने रायबरेली और अमेठी सीट से उम्मीदवारों के नाम का ऐलान नहीं किया था तब तक ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि अमेठी से गांधी परिवार के दामाद रॉबर्ट वाड्रा को टिकट दिया जा सकता है।
साथ ही साथ रायबरेली सीट पर प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव लड़ने की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि, रायबरेली से राहुल गांधी को कैंडिडेट बनाया गया है जबकि अमेठी लोकसभा सीट से गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारा गया है।
यह भी देखें: Lok Sabha Polls: 'वह एक ब्रिटिश नागरिक हैं', राहुल गांधी के रायबरेली नामांकन के खिलाफ शिकायत दर्ज

कांग्रेस के इस कदम का अंदेशा तक किसी ने नहीं लगाया था। इसके बाद से बीजेपी लगातार गांधी परिवार के साथ-साथ कांग्रेस पर निशाना साध रही है। भाजपा राहुल और सोनिया गांधी पर प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा को दरकिनार करने का आरोप लगा रही है। इसी बीच रॉबर्ट वाड्रा ने टिकट ना मिलने को लेकर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा है।
फेसबुक पर किए गए अपने पोस्ट में रॉबर्ट वाड्रा ने लिखा, "राजनीति की कोई भी शक्ति, पद हमारे परिवार के बीच नहीं आ सकती। हम सभी अपने महान राष्ट्र की जनता और जनता की बेहतरी के लिए हमेशा काम करेंगे, करेंगे और करते रहेंगे। आपके समर्थन और शुभकामनाओं के लिए सभी को धन्यवाद। मैं सदैव अपनी जनसेवा के माध्यम से यथासंभव लोगों की मदद करूंगा।"
पोस्ट के साथ रॉबर्ट ने कई तसवीरें और वीडियो क्लिप्स भी शेयर की हैं। इन तस्वीरों में वो राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ नजर आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के नामांकन भरने वाली तस्वीर भी पोस्ट की हुई है। बता दें, रॉबर्ट वाड्रा कई बार अमेठी से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। अमेठी लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी के ऐलान के बाद रॉबर्ट वाड्रा की यह पहली प्रतिक्रिया है।
रॉबर्ट वाड्रा ने सक्रिय राजनीति में आने के संकेत दिए थे। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि अगर अमेठी से उन्हें टिकट दिया जा सकता है। हालांकि, कांग्रेस के फैसले ने सबको हैरान कर दिया है। वाड्रा ने कहा था कि वह जनता के बीच रहते हैं इसलिए राजनीति में आ सकते हैं। वहीं भाजपा ने भी अमेठी और रायबरेली का टिकट फाइनल होने के बाद तंज कसते हुए कहा था कि गांधी परिवार ने वाड्रा परिवार को दरकिनार कर दिया है।
यह भी देखें: 'कसाब ने नहीं, RSS से जुड़े पुलिसकर्मी ने मारा था IPS अफसर हेमंत करकरे को', कांग्रेस नेता का दावा












Click it and Unblock the Notifications