'कसाब ने नहीं, RSS से जुड़े पुलिसकर्मी ने मारा था IPS अफसर हेमंत करकरे को', कांग्रेस नेता का दावा
Hemant Karkare News: मुंबई आतंकी हमले 26/11 को लेकर कांग्रेस नेता विजय वडेत्तिवार ने बड़ा दावा किया है। महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेत्तिवार ने कहा है कि, 'आईपीएस अधिकारी हेमंत करकरे की मौत अजमल कसाब या किसी आतंकी की गोली से नहीं हुई थी। बल्कि एक ऐसे पुलिस अधिकारी की ही गोली से हुई थी जो कि RSS से जुड़ा था।'
विजय वडेत्तिवार ने इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी और वकील उज्ज्वल निकम पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने गद्दारी की और इस बात को देशवासियों से छिपा लिया है। उन्होंने कहा कि, वह देशद्रोही हैं जिन्होंने इस बात को छिपाया। उज्ज्वल इस मामले में उस वक्त सरकारी वकील थे।

विजय वडेत्तिवार ने कहा- जांच में ये अहम जानकारी आई है सामने
विजय वडेत्तिवार ने एक वीडियो बयान में कहा है कि, ''जांच के दौरान, ये अहम जानकारी सामने आई है। हालांकि उस वक्त इसे उज्जवल निकम ने दबा दिया था, जो एक गद्दार है। मेरा सवाल यह है कि भाजपा एक गद्दार को क्यों बचा रही है और ऐसे व्यक्ति को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार क्यों बना रही है? ? ऐसा करके बीजेपी गद्दारों को बचा रही है।''
उज्जवल निकम और फडणवीस ने किया पलटवार
विजय वडेत्तिवार के इस बयान पर उज्जवल निकम और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और उज्जवल निकम ने विजय वडेत्तिवार के आरोपों को निराधार और गैरजिम्मेदाराना बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कसाब समर्थक है।
उज्जवल निकम ने कहा, ''कैसा लापरवाह बयान दिया जा रहा है। मैं ऐसे बेबुनियाद आरोपों से दुखी हूं, जो मेरी ईमानदारी पर संदेह पैदा कर रहे हैं। यह चुनावी राजनीति के स्तर को साफ दिखाता है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि राजनेता इतने निचले स्तर तक गिर जायेंगे। राजनीतिक लाभ के लिए? वह (विजय वडेत्तिवार) मेरा नहीं, बल्कि 166 दिवंगत आत्माओं और 26/11 हमले में घायल हुए सभी लोगों का अपमान कर रहे हैं। वे (कांग्रेस) कसाब को निर्दोष मानते हैं।''
उन्होंने आगे कहा कि, ''यहां तक कि पाकिस्तान ने भी मान लिया था कि कसाब भारत पर हुए आतंकी हमले की साजिश में शामिल था और दोषी था।'' बता दें कि 26/11 का हमलावर कसाब को जिंदा पकड़ा गया था और बाद में दोषी ठहराया गया और फांसी दे दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications