Ladakh Violence 7 Points: सोनम वांगचुक जोधपुर जेल के हाई-सिक्योरिटी वार्ड में क्यों शिफ्ट? 24 घंटे पैनी नजर!
Ladakh Violence 7 Points Update: लद्दाख में स्टेटहुड और छठी अनुसूची की मांग को लेकर भड़की हिंसा के बाद मशहूर पर्यावरणविद् और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक को 26 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें लद्दाख के लेह से विशेष विमान से राजस्थान के जोधपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया।
हाई-सिक्योरिटी वार्ड में रखे गए वांगचुक की 24 घंटे CCTV निगरानी हो रही है। लेह में इंटरनेट बंद और कर्फ्यू के बीच उनकी गिरफ्तारी ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। आखिर क्यों सोनम वांगचुक को जोधपुर जेल शिफ्ट किया गया? 7 पॉइंट्स में समझते हैं, पूरा माजरा...

1. जोधपुर जेल में शिफ्ट (Why Sonam Wangchuk Shifted Jodhpur Jail): क्यों और कैसे?
26 सितंबर 2025 को लद्दाख पुलिस ने लेह के उल्याकटोपो गांव से सोनम वांगचुक को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम की अगुवाई DGP S.D. जमवाल ने की। औपचारिकताओं के बाद वांगचुक को विशेष विमान से जोधपुर सेंट्रल जेल ले जाया गया। जेल में विशेष तैयारी की गई थी, और उन्हें हाई-सिक्योरिटी वार्ड में रखा गया, जहां 24x7 CCTV और भारी सुरक्षा है। जोधपुर पहुंचने पर उनकी मेडिकल जांच की गई।
2. NSA के तहत गिरफ्तारी: क्या है मायने?
वांगचुक पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगाया गया, जो बिना जमानत के 12 महीने तक हिरासत की अनुमति देता है। हिरासत का कारण बताना जरूरी है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया। गृह मंत्रालय (MHA) ने दावा किया कि वांगचुक के 'उकसावे वाले बयानों' ने 24 सितंबर को लेह में हिंसा भड़काई, जिसमें 4 लोग मारे गए और 90 घायल हुए।
3. Ladakh Violence Timeline: क्या हुआ था?
24 सितंबर की घटना है। लेह में स्टेटहुड और छठी अनुसूची की मांग को लेकर प्रदर्शन हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों ने BJP ऑफिस और पुलिस वाहन पर हमला किया, जिसके जवाब में पुलिस ने आंसू गैस और फायरिंग का इस्तेमाल किया। चार लोगों की मौत और 90 लोग घायल हुए। हिंसा का तात्कालिक कारण दो अनशनकारियों की बिगड़ती हालत थी। लेह में कर्फ्यू और मोबाइल इंटरनेट बंद है। BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 163 के तहत 4 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक है।
4. वांगचुक की भूख हड़ताल
वांगचुक ने 10 सितंबर से लेह एपेक्स बॉडी (LAB) और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (KDA) के साथ 35 दिन की भूख हड़ताल शुरू की थी। मांग थी- लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची में शामिल करना। हिंसा के बाद वांगचुक ने 24 सितंबर को अनशन खत्म किया और शांति की अपील की। उन्होंने हिंसा की निंदा की और कहा, 'मैं इसका हिस्सा नहीं था।'
5. FCRA लाइसेंस रद्द: वांगचुक पर शिकंजा
MHA ने 25 सितंबर को वांगचुक के NGO 'Students Educational and Cultural Movement of Ladakh' (SECMOL) का FCRA लाइसेंस रद्द किया। कारण- वित्तीय अनियमितताएं, जैसे गलत खातों में विदेशी फंड जमा करना और 6.5 करोड़ रुपये का दुरुपयोग। वांगचुक ने कहा, 'मैंने कोई विदेशी फंड नहीं लिया। मेरे निजी पैसे संस्थान में लगाए हैं।'
6. पत्नी का बयान: 'अपराधी की तरह ट्रीट किया'
वांगचुक की पत्नी गितांजलि अंगमो(Gitanjali J Angmo) ने कहा, 'सोनम को बिना कारण अपराधी की तरह ट्रीट किया गया। पुलिस ने हमारे घर में तोड़फोड़ की। यह सरकार की छवि खराब करने की साजिश है।' गितांजलि ने दावा किया कि वांगचुक ने हिंसा को रोका और शांति की अपील की थी।
7. सियासी हंगामा: नेताओं की प्रतिक्रिया
- अरविंद केजरीवाल (AAP): केजरीवाल ने इसे 'तानाशाही का चरम' बताया और कहा, 'रावण, कंस और हिटलर का अंत भी हुआ।'
- उमर अब्दुल्ला (J&K CM): अब्दुल्ला ने गिरफ्तारी को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया और केंद्र पर 2020 के वादों से मुकरने का आरोप लगाया।
- जयराम रमेश (कांग्रेस): रमेश ने इसे 'ध्यान भटकाने की चाल' बताया।
- मोहम्मद हनीफा (लद्दाख MP): हनीफा ने पुलिस फायरिंग की न्यायिक जांच की मांग की।
NSA, जेल, और सवाल
सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) की NSA के तहत गिरफ्तारी और जोधपुर जेल में हाई-सिक्योरिटी वार्ड में शिफ्टिंग ने लद्दाख के आंदोलन को नया रंग दे दिया। उनकी पत्नी और समर्थक इसे 'तानाशाही' बता रहे हैं, जबकि सरकार हिंसा का जिम्मेदार वांगचुक को ठहरा रही है। जांच और 6 अक्टूबर की वार्ता से क्या निकलेगा? आप इस मामले पर क्या सोचते हैं? कमेंट में बताएं...
ये भी पढ़ें- Sonam Wangchuk Wife: कौन हैं सोनम वांगचुक की पत्नी Gitanjali? जिनके हाथों में अब लद्दाख आंदोलन की कमान!












Click it and Unblock the Notifications