'पक्षपाती और राजनीति से प्रेरित', भारत ने USCIRF की रिपोर्ट को किया खारिज, कहा- ये एजेंडा आधारित
India Strongly Rejects USCIRF Report: भारत ने अमेरिकी आयोग USCIRF (यूएस कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम) की रिपोर्ट को सख्ती से खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव और हमले बढ़ रहे हैं।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह पक्षपाती और गलत तथ्यों पर आधारित बताया। भारत ने USCIRF पर निशाना साधते हुए कहा कि यह संस्था अपनी पूर्वाग्रहपूर्ण सोच से ग्रसित है और एक विशेष एजेंडा चला रही है।

विदेश मंत्रालय ने USCIRF की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाया और कहा कि "यह संस्था बार-बार भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।" भारत ने यह भी कहा कि "अमेरिकी आयोग को खुद एक 'चिंता का विषय' घोषित किया जाना चाहिए, क्योंकि इसकी रिपोर्टें लगातार झूठे और राजनीतिक रूप से प्रेरित दावों पर आधारित होती हैं।"
ये भी पढ़ें: आर्थिक सुस्ती के बीच RBI लेगा बड़ा फैसला, ब्याज दरों में और कटौती संभव-रिपोर्ट
विदेश मंत्रालय की कड़ी प्रतिक्रिया
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने USCIRF की रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि "भारत एक लोकतांत्रिक और बहुसांस्कृतिक देश है, जहां सभी धर्मों का सम्मान किया जाता है। लेकिन USCIRF लगातार गलत तथ्यों को बढ़ावा देकर भारत की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। इस तरह की रिपोर्टों का कोई आधार नहीं है, और भारत पहले भी इन्हें खारिज करता आया है।"
रिपोर्ट में क्या कहा गया?
USCIRF की 2025 की रिपोर्ट में दावा किया गया कि 2024 में भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हमले और भेदभाव बढ़े। रिपोर्ट में बीजेपी पर लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान मुसलमानों और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ "भड़काऊ बयानबाजी" करने का आरोप लगाया गया।
इसके अलावा, रिपोर्ट में भारत की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की गई, जिसमें दावा किया गया कि यह एजेंसी विदेशों में सिख अलगाववादियों की हत्या की साजिश में शामिल है।
भारत और अमेरिका के बीच बढ़ा तनाव
भारत और अमेरिका के रिश्तों में तब तनाव बढ़ा जब अमेरिकी अधिकारियों ने पूर्व RAW एजेंट विकास यादव को खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया। भारत ने इस मामले से खुद को अलग कर लिया है, लेकिन खालिस्तान मुद्दा भारत-अमेरिका और भारत-कनाडा के संबंधों में तनाव का कारण बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: 'भारत जोड़ो नहीं तोड़ो अभियान चला रहे', योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी को कहा 'नमूना', अखिलेश पर भी साधा निशाना












Click it and Unblock the Notifications