Modi govt 12 years: PM की दीर्घायु के लिए CM रेखा गुप्ता ने की गौसेवा, मोदी का बताया देश का 'प्रधान सेवक'
CM Rekha Gupta: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्षों का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सहभागिता की। इस गौरवशाली अवसर को चिन्हित करते हुए, मुख्यमंत्री ने किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला का दौरा किया।
वहां उन्होंने न केवल गौसेवा की, बल्कि सनातन परंपरा का पालन करते हुए गायों को चारा खिलाकर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।

गौशाला परिसर में स्थित स्थित मंदिर में उन्होंने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने वहां बैठकर पूरे भक्तिभाव के साथ सुंदरकांड का पाठ किया। सुंदरकांड का यह पाठ देश की निरंतर प्रगति, सामाजिक सद्भाव और प्रधान सेवक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं उनकी दीर्घायु की मंगल-कामना के लिए समर्पित था।
सेवा और समर्पण के 12 वर्ष
इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रधान सेवक के रूप में बीते 12 वर्षों का यह सफर सेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण का एक अत्यंत प्रेरणादायक अध्याय है। उनके कुशल मार्गदर्शन में देश ने विश्वास, विकास और जनकल्याण के न केवल नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, बल्कि भारत की वैश्विक पहचान भी सुदृढ़ हुई है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में जो व्यापक बदलाव आया है, वह उनकी कार्य संस्कृति और जमीनी स्तर से जुड़े रहने की आदत को दर्शाता है। उन्होंने कथनी और करनी का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, उससे आम जनमानस में व्यवस्था के प्रति भरोसा और अधिक बढ़ा है। उनके द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं ने देश के गरीब और वंचित वर्गों तक विकास की मुख्यधारा को जोड़ा है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित हुई है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे नरेन्द्र मोदी का स्वास्थ्य सदैव उत्तम रहे। उन्होंने कामना की कि प्रधानमंत्री को लंबी आयु प्राप्त हो ताकि वे देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए इसी प्रकार ऊर्जा और ओज के साथ निरंतर कार्य करते रहें। इस आयोजन ने न केवल पिछले 12 वर्षों के विकास कार्यों को याद करने का अवसर दिया, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्प को भी दोहराया।














Click it and Unblock the Notifications