'भारत जोड़ो नहीं तोड़ो अभियान चला रहे', योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी को कहा 'नमूना', अखिलेश पर भी साधा निशाना
Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी को "नमुना" करार देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी जानबूझकर अयोध्या विवाद को जिंदा रखना चाहती है। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर भारत के विकास में बाधा डालने और देश विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को "भारत तोड़ो अभियान" करार देते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में हुए विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वह काम किए हैं, जो कांग्रेस दशकों में नहीं कर पाई। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला और उन्हें बाबर और जिन्ना का समर्थक बताया।

"भारत जोड़ो यात्रा नहीं, भारत तोड़ो अभियान"
ANI को दिए इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की आलोचना करते हुए इसे "भारत तोड़ो अभियान" बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता भारत के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "वे भारत के बाहर जाकर देश की आलोचना करते हैं। देश उनकी सोच और इरादों को अच्छी तरह समझ चुका है।"
ये भी पढ़ें: Akhilesh Yadav: योगी सरकार के 8 साल, अखिलेश यादव बोले- अपराध और बेरोजगारी में नंबर वन हुआ यूपी!
कांग्रेस पर विकास न करने का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के दशकों के शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने विकास के वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा, "एक भारत को श्रेष्ठ भारत नहीं बनाना चाहिए? राहुल गांधी को अपने दादा, दादी और पिता से पूछना चाहिए था कि उन्होंने यह सब उस समय क्यों नहीं किया?"
पीएम मोदी ने किया अधूरे सपनों को पूरा
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वे सपने पूरे किए, जिन्हें कांग्रेस पूरा नहीं कर पाई। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक का खात्मा और कुंभ मेले को बढ़ावा देने जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया।
अखिलेश यादव पर भी हमला
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे जिन्ना, बाबर और औरंगजेब जैसे लोगों का महिमामंडन करते हैं। उन्होंने कहा, "जो विपक्ष औरंगजेब और बाबर का सम्मान करता है, वे उन्हीं में अच्छाई देख सकते हैं। जनता ने इसे अपनी आंखों से देखा है और आगे भी देखेगी।"
2021 के जिन्ना विवाद का जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के 2021 के बयान की भी याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरदार पटेल, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और जिन्ना ने एक ही संस्थान में पढ़ाई की और भारत की आजादी में योगदान दिया।
ये भी पढ़ें: Yogi Adityanath Interview: सीएम योगी ने कहा यूपी में मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित, जानिए 6 बड़े प्वाइंटस












Click it and Unblock the Notifications