वैभव सूर्यवंशी की धुआंधार पारी को लगा तगड़ा झटका, अफगानिस्तान ने भारत को हराकर किया बड़ा उलटफेर
India A vs Afghanistan A: श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज में भारत ए और अफगानिस्तान ए के बीच मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। अफगानिस्तान ए के कप्तान इमरान मीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने उनके इस निर्णय को शुरुआती चरण में गलत साबित कर दिया, बारिश के कारण मैच 49-49 ओवरों का किया गया। अंत में बारिश ने मैच का रुख बदल दिया और अफगानिस्तान ए को DLS नियम के तहत विजेता घोषित कर दिया गया।
भारत ए ने 49 ओवर में 9 विकेट खोकर 349 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम को तेज शुरुआत विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने दिलाई, जिन्होंने 69 गेंदों पर 84 रन बनाए। युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपने आक्रामक अंदाज से प्रभावित किया और सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन ठोक दिए, इस दौरान उन्होंने 9 चौके जमाए। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालते हुए 66-66 रन की शानदार पारियां खेलीं।

मध्यक्रम में आयुष बदोनी खाता भी नहीं खोल सके, लेकिन सूर्यांश शेडगे ने 27 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अंतिम ओवरों में अनुकूल रॉय और विप्रज निगम ने तेजी से रन जोड़कर भारत का स्कोर 349 तक पहुंचाया।
एक बार फिर बारिश आई और इसके बाद संशोधित लक्ष्य के तहत अफगानिस्तान ए को 38 ओवर में 294 रन का टारगेट मिला। जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत शानदार रही। कप्तान इमरान मीर ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 75 रन बनाए, जबकि बहिर शाह ने भी नाबाद 51 रन की पारी खेली। हसन इसाखिल ने 34 रन का योगदान दिया।
जब अफगानिस्तान का स्कोर 25.5 ओवर में 177/2 था, तभी एक बार फिर बारिश ने खेल रोक दिया। काफी इंतजार के बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। उस समय DLS (डकवर्थ-लुईस-स्टर्न) के अनुसार अफगानिस्तान ए निर्धारित स्कोर से 4 रन आगे था, जिसके चलते उसे विजेता घोषित कर दिया गया।
भारत ए के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन लगातार बारिश और DLS नियम ने मैच का नतीजा अफगानिस्तान ए के पक्ष में कर दिया। यह जीत अफगानिस्तान ए के लिए त्रिकोणीय सीरीज में काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications