भोपाल-उज्जैन ट्रेन धमाके का मास्टरमाइंड निकला भारतीय वायुसेना का पूर्व कर्मचारी!
यूपी एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि यह गौस खान ही था, जिसने ठाकुरगंज में वह घर किराए पर लिया था, जिसमें आतंकी सैफुल्ला छुपा था। बाद में मुठभेड़ में सैफुल्ला मारा गया।
नई दिल्ली। हाल ही में भोपाल-उज्जैन यात्री ट्रेन में हुए बम धमाके से संबंध होने के शक में एक ऐसे शख्स को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने भारतीय वायु सेना से वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति) लिया था। इस सख्स का नाम है गौस खान, जिसे इस मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। मामले की छानबीन कर रहे अधिकारियों के अनुसार यह शख्स अन्वारगंज का रहने वाला है और उसने 1993 में भारतीय वायुसेना से वीआरएस लिया है। अधिकारियों के अनुसार वह इस समूह का मुख्य व्यक्ति है, जो सभी को ये सब करने के लिए प्रेरित कर रहा था। गौस खान की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में गिरफ्तार हुए लोगों की संख्या 9 हो गई है।

यूपी एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि यह गौस खान ही था, जिसने ठाकुरगंज में वह घर किराए पर लिया था, जिसमें आतंकी सैफुल्ला छुपा था। वहीं दूसरी ओर छानबीन कर रहे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन में हुए बम धमाके में पोटैशियम को गन पाउडर का मिलाकर बम के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। यह धमाका अधिक तीव्र नहीं था। वनइंडिया से बात करते हुए इस मामले की छानबीन कर रहे एक अधिकारी ने बताया कि धमाके के लिए पटाखों में पड़ने वाले बारूद का इस्तेमाल किया गया था। अब ट्रेन में हुए बम धमाके की जांच को नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) को सौंप दिया गया है। अब इस मामले की छानबीन करके एनआईए मध्य प्रदेश में भोपाल-उज्जैन ट्रेन में हुए बम धमाके और लखनऊ के ठाकुरगंज में मारे गए आंतकी के बीच संबंध का पता लगाएगी। ये भी पढ़ें- उरी आतंकी हमला: नहीं मिले सबूत, NIA ने रिहा किए दो पाकिस्तानी
लखनऊ में मारा था गया आतंकी
मंगलवार को लखनऊ के ठाकुरगंज में एक घर के अंदर आतंकी छुपा हुआ था, जिसके साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ करीब 12 घंटे तक चली। सुरक्षा बल उस आतंकी को जिंदा पकड़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अंत में उसे मार गिराया गया। इस आतंकी का नाम सैफुल्ला बताया जा रहा है, जिसके उसी दिन सुबह मध्य प्रदेश के शाजापुर में हुए बम धमाके से जुड़े होने की बातें भी सामने आ रही हैं।
ट्रेन में हुआ था बम धमाका
मंगलवार को ही सुबह करीब 9.30 बजे भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में एक बम धमाका हुआ था, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए थे। यह एक आईईडी ब्लास्ट था। बाद में मध्य प्रदेश के गृहमंत्री ने इस घटना की एक आतंकी हमले के रूप में पुष्टि कर दी। इसे लेकर 3 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। चश्मदीदों के अनुसार इस घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई थी। कुछ लोगों ने डर के मारे ट्रेन से छलांग भी लगा दी। बाद में किसी ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका।












Click it and Unblock the Notifications