हाथी के हमले में पूर्व विधायक की मौत, मचा हड़कंप, जानिए कहां का है मामला?
Former Arunachal MLA elephant attack: अरुणाचल प्रदेश के तिराप ज़िले में बुधवार सुबह एक दुखद घटना में पूर्व विधायक कपचेन राजकुमार की एक हाथी के हमले में मौत हो गई। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब वह नमसांग गांव से पैदल चलते हुए देओमाली शहर की ओर जा रहे थे। वह 65 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और कई बच्चे हैं।उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव नमसांग में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उनकी मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कपचेन राजकुमार (Kapchen Rajkumar)का समुदाय की सेवा के प्रति समर्पण और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, तिराप के पूर्व विधायक कपचेन राजकुमार के असमय निधन की खबर से बेहद दुखी हूं। यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने जिस निष्ठा से जनसेवा की, वह प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिवंगत विधायक के परिजनों को सहायता देने के लिए एक्स-ग्रेशिया सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

कैसे हुआ हादसा?
तिराप के पुलिस अधीक्षक आदित्य ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि, यह हादसा उस समय हुआ जब पूर्व विधायक राजकुमार अपने गांव से देओमाली की ओर जा रहे थे और एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें China Renames Arunachal Pradesh: 'अरुणाचल भारत का था, है और रहेगा', चीन की नाम बदलने की कोशिश पर भारत सख्त
कौन थे कपचेन राजकुमार?
राजकुमार वर्ष 1985 से 1990 के बीच खोंसा उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे थे। वह 15 अप्रैल 1960 को नमसांग गांव में जन्मे थे और उनके पिता वांगमेई राजकुमार उस समय गांव के कार्यवाहक प्रमुख रहे थे। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा रामकृष्ण मिशन स्कूल, नरत्तम नगर, देओमाली से प्राप्त की थी, और आगे की पढ़ाई सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, खोंसा से की थी। इसके बाद उन्होंने सफदरजंग हवाई अड्डा, नई दिल्ली से वाणिज्यिक पायलट प्रशिक्षण भी प्राप्त किया था।
राज्य के पर्यावरण और वन मंत्री वांगकी लोवांग, जो वर्तमान में नमसांग विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, यह अत्यंत दुखद है कि पूर्व विधायक कपचेन राजकुमार का आज सुबह एक जंगली हाथी के हमले में निधन हो गया। वह नमसांग गांव, तिराप के निवासी थे। मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।"












Click it and Unblock the Notifications