अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर क्या बोले 'Flying Beast' गौरव तनेजा? हादसे के तकनीकी कारण को किया एक्सप्लेन!
Flying Beast Gaurav Taneja on Air India Crash: अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। हादसे के कुछ समय बाद ही एविएशन इंडस्ट्री से जुड़े लोग और विशेषज्ञ इसकी वजहों पर चर्चा करने लगे। इन्हीं में से एक हैं मशहूर यूट्यूबर और पूर्व पायलट गौरव तनेजा, जिन्हें लोग 'फ्लाइंग बीस्ट' के नाम से जानते हैं।
तनेजा ने अपने अनुभव और तकनीकी जानकारी के आधार पर इस हादसे की संभावित वजहों पर विस्तार से बात की। उन्होंने बताया कि टेकऑफ के दौरान विमान में कोई चेतावनी नहीं आई होगी, लेकिन उड़ान भरते ही किसी गंभीर तकनीकी गड़बड़ी ने पायलट को चौंकने तक का मौका नहीं दिया।

तनेजा ने कहा कि यह हादसा शायद उन दुर्लभ परिस्थितियों में से एक है। जब टेकऑफ के तुरंत बाद दोनों इंजन एक साथ फेल हो गए हों - जो किसी भी पायलट का सबसे बड़ा डर होता है।उन्होंने कहा कि अगर विमान उड़ गया, तो इसका मतलब है कि टेकऑफ के समय सिस्टम में कोई बड़ी चेतावनी नहीं थी। हल्की चेतावनियां उड़ान की सुरक्षा पर असर नहीं डालतीं, इसलिए सिस्टम उन्हें कुछ देर के लिए रोक देता है।
ये भी पढ़ें: Air India Plane Crash: मरने वालों की संख्या हुई 274, शवों की शिनाख्त के लिए DNA सैंपलिंग जारी, पढ़ें हर अपडेट
लैंडिंग गियर नहीं उठाया गया, इमरजेंसी के संकेत
तनेजा ने बताया कि टेकऑफ के बाद आमतौर पर 100 से 400 फीट की ऊंचाई पर ऑटोपायलट लगाया जाता है और लैंडिंग गियर ऊपर किया जाता है। लेकिन हादसे वाले विमान में गियर नीचे ही रह गया, जो इमरजेंसी की ओर इशारा करता है। पायलट शायद किसी समस्या को सुलझाने में व्यस्त थे और विमान की ऊंचाई नहीं बढ़ पाई।
दोनों इंजन फेल होना सबसे डरावना सपना
तनेजा ने कहा कि उड़ान के बाद सिमुलेटर में कई इमरजेंसी सिचुएशन की प्रैक्टिस करवाई जाती है, लेकिन टेकऑफ के तुरंत बाद दोनों इंजन फेल हो जाएं - इसके लिए कोई तैयारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि जब सामने इमारतें हों, तब पायलट के पास कोई रास्ता नहीं बचता। उन्होंने इसे "पायलट का सबसे डरावना सपना" बताया।
'शायद कंप्लीट पावर लॉस की वजह से हुआ हादसा'
गौरव तनेजा ने बताया कि हादसा स्टॉल नहीं लगता, क्योंकि विमान का एंगल ऑफ अटैक ज्यादा नहीं था। और न ही यह कंप्रेसर स्टॉल लगता है, क्योंकि उसमें इंजन पूरी तरह बंद नहीं होता। उनके मुताबिक, "अगर दोनों इंजन ने पूरी तरह काम करना बंद कर दिया हो, तभी विमान इस तरह तेजी से नीचे गिर सकता है।"
पहले भी उड़ानों की सुरक्षा पर सवाल उठा चुके हैं तनेजा
गौरव तनेजा ने 2020 में एयरएशिया पर सुरक्षा नियमों से समझौता करने के आरोप लगाए थे और एक वायरल वीडियो के जरिए इंडस्ट्री में हलचल मचा दी थी। वे अब यूट्यूब पर एविएशन से जुड़ी जानकारियां आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाते हैं।
हादसे में कई जिंदगियां खत्म हो गईं
एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था, लेकिन टेकऑफ के कुछ सेकंड बाद ही क्रैश हो गया। इसमें 242 लोग सवार थे, जिनमें से ज्यादातर भारतीय थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत विमान में सवार एक यात्री को छोड़, सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान चली गई। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराया, जिससे जमीन पर भी 24 से ज्यादा लोगों की जान जाने की पुष्टि हुई है। घटनास्थल से अब तक 274 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: 'मौत मेरे सिर के ऊपर से गुजर गई, मैं बच गया'–एयर इंडिया विमान क्रैश में जिंदा बचे शख्स ने बताया कैसे हुआ हादसा












Click it and Unblock the Notifications