'मौत मेरे सिर के ऊपर से गुजर गई, मैं बच गया'–एयर इंडिया विमान क्रैश में जिंदा बचे शख्स ने बताया कैसे हुआ हादसा
Ahmedabad Plane Crash (Vishwash Kumar Ramesh Seat 11A): अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171, जो कि बोइंग 787 ड्रीमलाइनर थी, 12 जून 2025 को टेकऑफ करते ही रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 लोग सवार थे। हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है। (हालांकि वनइंडिया हिंदी इसकी पुष्टि नहीं करता है) यह देश की सबसे भयावह विमान दुर्घटनाओं में से एक मानी जा रही है। इस हादसे में अब-तक एक शख्स के जिंदा बचने की खबर सामने आई है।
''जाको राखे साइयां मार सके ना कोई'' ये कहावत एयर इंडिया विमान में सवार यात्री 40 वर्षीय विश्वाश कुमार रमेश पर बिल्कुल सटीक बैठती है। अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने जानकारी दी है कि सीट नंबर 11A पर विश्वाश कुमार रमेश यात्रा कर रहे थे, जो जिंदा है और उनका इलाज चल रहा है। विश्वाश, जिनके सीने, आंखों और पैरों पर कई चोटें आई हैं लेकिन उनकी हालत अब स्थिर है। विश्वाश ने कहा, ''मौत मेरे सिर के ऊपर से गुजर गई, मैं बच गया।''

विश्वाश एक ब्रिटिश नागरिक हैं और कुछ दिनों के लिए अपने परिवार से मिलने भारत आए थे और अपने भाई अजय कुमार रमेश (45) के साथ वापस यूके जा रहे थे। सोशल मीडिया पर विश्वाश और उनका बोर्डिंग पास वायरल हो रहा है। अस्पताल के बिस्तर पर लेटे विश्वास ने बताया कि कैसे कुछ ही सेकंड में जिंदगी और मौत के बीच की दूरी महसूस हुई। उसका कहना है कि यह एक चमत्कार है कि वह अब भी जिंदा है।

पीएम मोदी ने 13 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। पीएम मोदी इस दौरान हादसे में अकेले जिंदा बचे शख्श रमेश विश्वास कुमार से भी मुलाकात की है। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
एयर इंडिया विमान क्रैश में जिंदा बचे शख्स ने बताया कैसे हुआ हादसा?
हिन्दुस्तान टाइम्स से बात करते हुए विश्वाश ने कहा, ''विमान के टेक ऑफ होते ही 30 सेकेंड के भीतर तेज आवाज हुई और फिर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह सब बहुत जल्दी हुआ।''
विश्वाश ने कहा, "जब मैं उठा तो मेरे चारों तरफ लाशें पड़ी थीं। मैं डर गया। मैं खड़ा हुआ और भागा। मेरे चारों तरफ विमान के टुकड़े पड़े थे। किसी ने मुझे पकड़ लिया और एम्बुलेंस में डालकर अस्पताल ले गया।" विश्वाश ने कहा कि वह 20 साल से लंदन में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी और बच्चा भी लंदन में रहते हैं।
उन्होंने बताया कि उनके भाई अजय विमान में अलग सीट पर बैठे थे। उन्होंने कहा, "हम दीव गए थे। वह मेरे साथ यात्रा कर रहे थे और अब मैं उन्हें नहीं ढूंढ पा रहा हूं। कृपया उन्हें ढूंढने में मेरी मदद करें।"
रमेश विश्वास ब्रिटेन के लेस्टर में रहते थे। विश्वास के एक भाई नयन ने आजतक से बात करते हुए कहा, ''हमारी विश्वास से बात हुई है और वह अभी अस्पताल में ठीक है। लेकिन मेरा एक भाई अजय के बारे में कुछ भी पता नहीं है। हम उसके बारे में पता लगा रहे हैं। हम अगली फ्लाइट से भारत आने वाले हैं।''












Click it and Unblock the Notifications