Air India plane crash: मरने वालों की संख्या हुई 274, शवों की शिनाख्त के लिए DNA सैंपलिंग जारी, पढ़ें हर अपडेट
Ahmedabad Air India plane crash: अहमदाबाद एयर इंडिया प्लेन क्रैश में अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 274 हो गई है। हादसे के समय फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री, 2 पायलट और 10 क्रू मेंबर शामिल थे। 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई है। बाकी मरने वालों में मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में मौजूद छात्र हैं। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मारे गए यात्रियों में से एक थे। फिलहाल उनके शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन गैटविक एयरपोर्ट जा रही थी और टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद क्रैश हो गई। हादसा 1 बजकर 38 मिनट के आसपास हुआ है। इस भयानक हादसे में सिर्फ एक व्यक्ति-भारतीय मूल का एक ब्रिटिश नागरिक रमेश विश्वास कुमार ही जीवित बच पाया, जो सभी को हैरान कर गया।

शवों की शिनाख्त बनी चुनौती, DNA सैंपलिंग जारी
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद शवों की शिनाख्त करना सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। पीड़ितों के परिवार अपने प्रियजनों की पहचान के लिए DNA सैंपल देने के लिए शनिवार 14 जून को अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज में पहुंचे हैं। अब तक कुल 220 शवों के DNA सैंपल लिए जा चुके हैं। वहीं सिर्फ 7 शवों की शिनाख्त हो पाई है।
नरेंद्र मोदी मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और प्रमुख डॉ. सौमिल पी मर्चेंट के मुताबिक आमतौर पर किसी व्यक्ति के डीएनए का विश्लेषण करने और रिपोर्ट जारी करने में लगभग 3 महीने लगते हैं। हमने पूरी प्रक्रिया में तेजी लाई है और इसे 72 घंटों के भीतर पूरा कर लेंगे। डीएनए टेस्स अहमदाबाद और गांधीनगर में फोरेंसिक प्रयोगशालाओं में किया जा रहा है।
एयर इंडिया ने फ्लाइट नंबर AI-171 से बदलकर AI-159 करने का फैसला किया!
एयर इंडिया की उड़ान AI-171 की दुखद दुर्घटना के बाद, एयरलाइन ने यात्रियों और कर्मचारियों के लिए आगे की भावनात्मक परेशानी और बुरी यादों को रोकने के लिए उड़ान संख्या को हटाने का फैसला किया है। इस मामले से परिचित अधिकारियों के मुताबिक अहमदाबाद से गैटविक (लंदन) जाने वाली उड़ान अब AI 159 नंबर के तहत संचालित होगी।
हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक अहमदाबाद से गैटविक जाने वाली उड़ान का नंबर बदलकर AI 159 कर दिया जाएगा। वापसी की उड़ान का नंबर भी बदलकर AI160 कर दिया जाएगा।
एयर इंडिया प्लेन क्रैश: जांच कर रहीं 8 प्रमुख एजेंसियां कौन-कौन?
- नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (NIA) - मामले में संभावित आतंकी एंगल की जांच कर रही है।
- गुजरात पुलिस - स्थानीय स्तर पर हादसे और सुरक्षा पहलुओं की जांच कर रही है।
- एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो (AAIB) - भारत सरकार की तकनीकी जांच एजेंसी जो विमान दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करती है।
- डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) - नागरिक उड्डयन नियामक जो फ्लाइट सेफ्टी और नियमों के पालन की जांच कर रहा है।
- यूके की एयर एक्सीडेंट्स इन्वेस्टीगेशन ब्रांच (UK-AAIB) - चूंकि विमान लंदन जा रहा था, इसलिए ब्रिटिश एजेंसी भी जांच में शामिल है।
- यूएस की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) - अमेरिका निर्मित विमान होने के कारण तकनीकी जांच के लिए जिम्मेदार।
- फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) - अमेरिकी विमानन प्राधिकरण जो तकनीकी मानकों और निर्माण गुणवत्ता की जांच करता है।
- बोइंग कंपनी के विशेषज्ञ - चूंकि विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर था, इसलिए निर्माता कंपनी भी जांच में तकनीकी मदद दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications