नकारात्मक ऊर्जा हटाने के नाम पर IT प्रोफेशनल से ठगी, 3 लाख की चपत लगाने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा ढोंगी
Fake Astrologer: सोशल मीडिया के इस दौर में जहां एक ओर लोग अपनी परेशानियों का हल इंटरनेट पर खोजते हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ ठग इसी मौके का फायदा उठाकर भोले-भाले लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला दिल्ली पुलिस के सामने आया है, जहां एक स्वयंभू ज्योतिषी ने 'नकारात्मक ऊर्जा' हटाने के नाम पर एक आईटी प्रोफेशनल से 3 लाख रुपये की ठगी कर डाली।
आरोपी सुमित भार्गव सोशल मीडिया पर आकर्षक आध्यात्मिक पोस्ट डालकर लोगों का भरोसा जीतता था और फिर उन्हें महंगे अनुष्ठानों के लिए राजी करता था। लेकिन जब जीवन में कोई बदलाव नहीं हुआ, तो पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। दिल्ली पुलिस ने सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

सोशल मीडिया पर बनाता था लोगों को शिकार
पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय सुमित सोशल मीडिया पर भ्रामक और आकर्षक ज्योतिष संबंधी पोस्ट करता था। इसके जरिए वह मानसिक रूप से परेशान या भावनात्मक रूप से कमजोर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। शिकायतकर्ता ने भी सुमित के प्रोफाइल को देखकर उससे संपर्क किया था।
ये भी पढ़ें: Varanasi News: नाम, वर्दी और पहचान सब नकली! मथुरा के युवक ने CP के PRO दीपक राणावत के नाम पर की थी ठगी
नकारात्मक ऊर्जा हटाने के नाम पर वसूली
संपर्क करने पर सुमित ने दावा किया कि शिकायतकर्ता का जीवन नकारात्मक ऊर्जा से घिरा हुआ है और इसे खत्म करने के लिए विशेष पूजा अनुष्ठान करने होंगे। उसने उत्तर प्रदेश के वृंदावन में विशेष पूजा कराने का झांसा देकर युवती से कई किस्तों में 3 लाख रुपये तक वसूल लिए। बात दे, पीड़िता एक आईटी कंपनी में काम करती थी।
न पूजा हुई, न जीवन में बदलाव आया
शिकायतकर्ता को शुरू में उम्मीद थी कि उसकी परेशानियाँ दूर होंगी, लेकिन लंबे समय तक कोई असर न दिखने पर उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर मामला दर्ज कराया।
BNSS की धारा 35 के तहत दर्ज हुआ केस
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 35 के तहत केस दर्ज किया गया, जिसके तहत पुलिस को बिना वारंट गिरफ्तारी करने का अधिकार है।
जयपुर में दो ठिकानों पर छापेमारी
जांच के दौरान पुलिस टीम जयपुर पहुंची और मानसरोवर व विद्याधर नगर इलाकों में छापेमारी की। आखिरकार सुमित भार्गव को उसके घर से गिरफ्तार किया गया, जहां वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रह रहा था।
सिर्फ दिखावा थे अनुष्ठान
पूछताछ में सुमित ने स्वीकार किया कि ज्यादातर अनुष्ठान केवल दिखावे के लिए थे और उनका मकसद केवल पैसे वसूलना था। उसने यह भी बताया कि वह एक पारंपरिक ज्योतिष परिवार से आता है, जिसे वह अपनी साख दिखाने के लिए इस्तेमाल करता था।
खाता सीज, आगे की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के उस बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है जिसमें ठगी की रकम आई थी। अब यह पता लगाया जा रहा है कि उसने और कितने लोगों को इसी तरह ठगा है।
ये भी पढ़ें: IIT बॉम्बे छात्र की ID से JEE स्टूडेंट्स से ठगी, न्यूड तस्वीरों के बदले पेपर लीक का लालच! कैसे फूटा भांडा?












Click it and Unblock the Notifications