Eknath Shinde के पीछे दिल्ली की कौन सी 'महाशक्ति' है? उद्धव ठाकरे की पार्टी ने किया है बड़ा दावा
Maharashtra New CM: शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया है कि दिल्ली की कोई महाशक्ति है, जो शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे के 'नखरे और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ 'नाराजगी' की वजह है। महायुति की बड़ी जीत के बाद भी सरकार बनने और मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में हो रही देरी के बीच राउत ने तंज भरे अंदाज में यह दावा किया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नवंबर को ही आ चुके हैं। 10 दिन बीत जाने के बाद भी सरकार और मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार है। महायुति गठबंधन से तरह-तरह के मतभेदों की खबरें आ रही हैं और यही वजह है कि विपक्ष इस गठबंधन पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा।

एकनाथ शिंदे के नखरे के पीछे दिल्ली की महाशक्ति- संजय राउत
राज्यसभा सांसद और उद्धव ठाकरे की पार्टी के नेता राउत ने पीटीआई से कहा,'मुझे लगता है कि एकनाथ शिंदे के नखरे और देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ नाराजगी के पीछे दिल्ली की कोई महाशक्ति है। बिना महाशक्ति के समर्थन मिले, एकनाथ शिंदे इस तरह से कुछ भी करने की हिम्मत नहीं कर सकते। दिल्ली में सत्ताधारी लोगों के सामने कोई भी नखरे दिखाने की हिम्मत नहीं करता।'
इसे भी पढ़ें- Maharashtra Cabinet: महाराष्ट्र में ये NCP विधायक बन सकते हैं मंत्री, अजित पवार को मिल सकता है अहम मंत्रालय
सीएम शिंदे को लेकर आती रही हैं तरह-तरह की खबरें
बता दें कि महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे यह तो कह चुके हैं कि उनकी पार्टी शिवसेना, बीजेपी के मुख्यमंत्री को समर्थन देगी, लेकिन जिस तरह से वह इस बीच में बार-बार बीमार पड़े हैं और उनको लेकर तरह-तरह की खबरें आ रही हैं, उससे अगली सरकार को लेकर कई तरह के संदेह खड़े हुए हैं।
धीरे-धीरे मौके की नजाकत को समझने लगे हैं शिंदे!
वैसे अब शिवसेना ने यह कहकर हालात को संवारने की कोशिश की है कि बीजेपी को सीएम शिंदे के लिए ऐसा पद ऑफर करना चाहिए, जो उनके कद से मेल खाता हो। फिलहाल बीजेपी को राज्य में 132 सीटें दिलाने के अगुवा पार्टी नेता देवेंद्र फडणवीस अगले सीएम के तौर पर सबसे आगे चल रहे हैं और संभावना है कि बुधवार को होने वाली बीजेपी विधायक दल की बैठक में उन्हें इसका नेता चुन लिया जाएगा।
वैसे बीजेपी के पिछले कुछ रिकॉर्ड को देखते हुए कुछ विपक्षी दलों का यहां तक दावा है कि हो सकता है कि आखिरी वक्त में मुख्यमंत्री के तौर पर कोई चौंकाने वाला चेहरा सामने आ जाए।
जनादेश का अपमान हो रहा है- शिवसेना (यूबीटी)
दरअसल, सरकार गठन और नेता चुने जाने में देरी को लेकर विपक्ष महायुति पर लगातार निशाना साध रहा है। मसलन, शिवसेना (यूबीटी) की एक और नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने एएनआई से कहा है, 'यह हंसी की बात नहीं, बल्कि दुख की बात है कि उन्हें जो जनादेश मिला है, उसका वे अपमान कर रहे हैं। उन्होंने एलान किया है कि 5 दिसंबर को शपथग्रहण समारोह होगा, लेकिन राज्यपाल को जानकारी नहीं है। न तो किसी ने उनसे मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया है और न ही उन्होंने किसी को निमंत्रण दिया है।'
इसे भी पढ़ें- एकनाथ शिंदे क्यों नहीं मान रहे? महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए BJP क्यों कर रही शिंदे की मान-मनौव्वल?
वो बोलीं, 'कोई नहीं जानता कि मुख्यमंत्री कौन होगा। महाराष्ट्र के लिए यह बहुत निराशाजनक है कि इतने मजबूत जनादेश के बाद भी वे कोई फैसला नहीं ले पा रहे हैं। इसके उलट झारखंड के मुख्यमंत्री ने शपथ ले ली है,लेकिन महाराष्ट्र में ऐसा नहीं हो रहा है....।'












Click it and Unblock the Notifications