2019 के लिए तीसरे मोर्चे की कोशिश तेज, अरविंद केजरीवाल से मिले चंद्रबाबू नायडू
बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आंध्र भवन में तेलुगू देसम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की।
नई दिल्ली। देश में 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले तीसरे मोर्चे के गठन की कोशिशें तेज हो गई हैं। बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आंध्र भवन में तेलुगू देसम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 1 घंटे तक बातचीत हुई। चंद्रबाबू नायडू इन दिनों दिल्ली आए हुए हैं। मंगलवार को उन्होंने संसद भवन में एनसीपी प्रमुख शरद पवार और विपक्ष के अन्य नेताओं से मुलाकात की थी।

चंद्रबाबू नायडू हाल ही में आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग पर एनडीए से अलग हुए हैं। आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर उनकी पार्टी टीडीपी लगातार लोकसभा और राज्यसभा में विरोध प्रदर्शन कर रही है। टीडीपी केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ संसद में अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस भी दे चुकी है। बताया जा रहा की चंद्रबाबू नायडू आज दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।
तीसरे मोर्चे की कोशिशें तेज
इससे पहले मार्च महीने में चंद्रबाबू नायडू ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की थी। गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले ममता बनर्जी देश में तीसरे मोर्च के गठन की कोशिशों में लगी हैं। पिछले दिनों दिल्ली आईं ममता बनर्जी ने विपक्ष के कई नेताओं से मुलाकात की थी, जिनमें आरजेडी सांसद मीसा भारती, शिवसेना सांसद संजय राउत, एनसीपी प्रमुख शरद पवार समेत टीडीपी के भी कई नेता शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications