'हमारा फैसला उन्हें अध्यक्ष बने रहना चाहिए', सोनिया से मुलाकात के बाद गुलाम नबी आजाद
नई दिल्ली, 18 मार्च: दो दिनों से लगातार कांग्रेस पार्टी के असंतुष्ट नेताओं के ग्रुप 'जी 23' की बैठकें हो रही हैं। जी-23 नेताओं की मीटिंग पार्टी के सीनियर लीडर गुलाम नबी आजाद के घर चल रही थी, जिसके बाद अब गुलाम नबी आजाद शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास 10 जनपथ पहुंचे। लगातार दो दिनों से खबर मिल रही थी कि गुलाम नबी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं, जिसके बाद शुक्रवार शाम को उन्होंने सोनिया गांधी से मुलाकात की।

सोनिया गांधी से मुलाकात करने के बाद कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के साथ अच्छी बैठक हुई। कांग्रेस पार्टी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि उन्हें अध्यक्ष के रूप में बने रहना चाहिए, हमारे पास बस कुछ सुझाव थे, जो साझा किए गए थे।
वहीं आजाद ने आगे बताया कि बैठक में आने वाले चुनाव में कैसी तैयारी की जाए और उसमें हम अपने पार्टी को किस तरह मजबूत करें और विरोधी पार्टियों से कैसे लड़ा जाए उस पर चर्चा की गई। वर्किंग कमेटी से 5 राज्यों में हार के कारणों पर सुझाव मांगे गए हैं।
बता दें कि हाल ही में आजाद के नेतृत्व में कांग्रेस के जी-23 असंतुष्टों नेताओं के कोर ग्रुप बुधवार और गुरुवार को बैठकें हुई थी, जिसको कांग्रेस के भविष्य पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी। इस बैठक में पहले की तुलना में काफी ज्यादा कांग्रेसी नेता पहुंचे, जिसके बाद एक संयुक्त बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया था कि 'भाजपा का विरोध करने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना जरूरी है। हम कांग्रेस पार्टी से 2024 के लिए एक विश्वसनीय विकल्प का मार्ग प्रशस्त करने के लिए एक मंच बनाने के लिए अन्य समान विचारधारा वाली ताकतों के साथ बातचीत शुरू करने की मांग करते हैं।'
आपको बता दें कि कांग्रेसी नेता का 'जी 23' ग्रुप एक बार फिर से पांच राज्यों में हुई पार्टी की करारी के बाद सक्रिय हो गया है। जिसके बाद कांग्रेस के अंदर चल रही कलह फिर से सामने आ गई है। हाल ही में इस समूह की दो दिन में दो बैठकें हो चुकी है, जिसमें गुलाम बनी आजाद के साथ कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, शशि थरूर, एमए खान, संदीप दीक्षित, विवेक तन्खा, आनंद शर्मा, पृथ्वीराज चव्हाण, मणिशंकर अय्यर समेत कई बड़े नेता शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications