सचिन पायलट की मांग पूरी, कांग्रेस ने अविनाश पांडे को राजस्थान प्रभारी पद से हटाया, माकन को मिली कमान
नई दिल्ली। राजस्थान में पिछली कई दिनों से जारी सियासी संकट पर अब विराम लग गया है, राज्यसभा में बहुत साबित करने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपनी सरकार बचाने में कामयाब रहे। सियासी उठा-पटक खत्म होने के बाद आज कांग्रेस ने राज्यस्थान में पार्टी की कमान अजय माकन के हाथों में सौंपी है। पार्टी ने अविनाश पांडेय की जगह अजय माकन को तत्काल प्रभाव से प्रभारी महासचिव नियुक्त कर दिया है। माना जा रहा है कि पार्टी प्रमुख ने यह फैसला सचिन पायलट के उन मुद्दों को देखते हुए लिया है जो उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के सामने उठाए थे।

अजय माकन को राजस्थान के प्रभारी महासचिव नियुक्त किए जाने के कुछ समय बाद पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी है। सचिन ने लिखा, 'अजय माकन जी को राजस्थान प्रभारी महासचिव नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई। आपकी नियुक्ति से निश्चित ही राजस्थान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की उम्मीदों को बल मिलेगा। उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ मैं अजय माकन जी का वीर भूमि राजस्थान में स्वागत भी करता हूं।'
तीन सदस्यीय समिति का गठन
कांग्रस ने अविनाश पांडेय को प्रभारी महासचिव पद से हटाने के साथ ही उस तीन सदस्यीय समिति का गठन भी कर दिया है जिसका आश्वासन प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने सचिन पायलट व उनके समर्थकों को दिया था। इस समित में पार्टी प्रमुख ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन, अहमद पटेल और केसी वेणुगोपाल को शामिल किया है। बता दें कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रहे विवाद के निपटारे के लिए तीन सदस्यीय समिति के गठन का फैसला किया था।
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले का सचिन पायलट और सीएम अशोक गहलोत दोनों ने स्वागत किया है। मालूम हो कि राजस्थान में पिछले एक महीने से सियासी संकट जारी था जो सचिन पायलट की घर वापसी के बाद समाप्त हो गया है। विधानसभा सत्र से ठीक पहले सचिन पायलट ने अपने साथी विधायकों के साथ पार्टी में वापसी कर दी थी। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले 14 अगस्त को हुए सत्र में गहलोत सरकार ने ध्वनिमत से विश्वास प्रस्ताव जीता था।
यह भी पढ़ें: राजनीति में आने पर बोलीं कंगना रनौत- कांग्रेस ने कई बार बुलाया, भाजपा भी देना चाहती थी टिकट लेकिन...












Click it and Unblock the Notifications