'बेंगलुरु है ये इंग्लैंड नहीं ', मोदी के मंत्री ने साइन बोर्ड पर '60 प्रतिशत कन्नड़' नियम का किया समर्थन
Pralhad Joshi News: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बेंगलुरु में दुकानों के साइनबोर्ड कन्नड़ में होने की मांग का समर्थन किया है। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि, दुकानदार केवल अंग्रेजी में साइनबोर्ड रखने पर जोर क्यों देते हैं। हालांकि उन्होंने मांग से जुड़ी हिंसा की निंदा की है।
प्रह्लाद जोशी ने कहा, "हर किसी को साइनबोर्ड पर जो भी लिखा है, उसको पढ़ने में सक्षम होना चाहिए और हर कोई अंग्रेजी नहीं पढ़ सकता। कन्नड़ के साथ-साथ अंग्रेजी या हिंदी जैसी किसी अन्य भाषा में लिखने में क्या नुकसान है? यह इंग्लैंड नहीं है, ये बेंगलुरु है।" बेंगलुरु की दुकानों को BBMP से '60 प्रतिशत कन्नड़' में साइनबोर्ड रखने का निर्देश मिला है।

प्रह्लाद जोशी ने कहा, "अगर हिंसा हुई है तो उसे मंजूरी नहीं दी जा सकती लेकिन इन लोगों (दुकानदारों) को भी भावना और लोगों की जरूरतों को समझना चाहिए।"
बेंगलुरु में नागरिक नियमों के मुताबिक 60 प्रतिशत साइनेज राज्य की स्थानीय भाषा में लिखे जाने चाहिए। हालांकि, कई दुकानें, विशेषकर मॉल में, इस नियम को दरकिनार कर रहे हैं।
What is 60% Kannada rule? क्या है 60% कन्नड़ नियम?
बेंगलुरु महानगर पालिका ने एक नियम बनाया है कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 60% साइन बोर्ड कन्नड़ में लगाने होंगे। इस दिशानिर्देश के मुताबिक साइन बोर्ड का आधे से ज्यादा हिस्सा कन्नड़ में लिखा होना चाहिए। 28 फरवरी तक की समय सीमा दी गई है, ऐसा न करने पर दुकानें बंद कर दी जाएंगी और उनके ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे।
फेडरेशन ऑफ कर्नाटक चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने कहा कि अधिकारियों को समय सीमा से पहले कार्रवाई नहीं करनी चाहिए।
महासंघ ने कहा कि वह अपने सभी सदस्यों से नियम का पालन करने के लिए कहेगा लेकिन सरकार को समय सीमा से पहले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। कई प्रतिष्ठानों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि 60% कन्नड़ एक बीबीएमपी नियम था।












Click it and Unblock the Notifications