BJD के निलंबित विधायक पर भीड़ को गाड़ी से रौंदने का आरोप, घटना में 20 से अधिक लोग घायल
भुवनेश्वर, मार्च 12। ओडिशा के खुर्द जिले में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जैसी एक घटना को अंजाम दिया गया है। बीजू जनता दल के एक निलंबित विधायक पर आरोप लगा है कि उन्होंने अपनी कार से भीड़ को रौंद दिया। इस घटना में 20 से अधिक लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 15 से अधिक बीजेपी के कार्यकर्ता और 7 अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

बीजेडी विधायक प्रशांत जगदेव पर लगा आरोप
माना जा रहा है कि जिस जगह बीजेडी विधायक ने अपनी कार से लोगों को रौंदा है, वहां बीजेपी का कोई कार्यक्रम चल रहा था। इस घटना में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। भीड़ को कुचलने का आरोप बीजेडी विधायक प्रशांत जगदेव पर लगा है।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के मुताबिक, यह घटना खुर्द जिले के बीडीओ बानपुर के कार्यालय के बाहर हुई है। जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस वक्त कार्यालय के बाहर भारी भीड़ जमा थी। भीड़ पर चिल्का के विधायक प्रशांत जगदेव की गाड़ी चढ़ गई और इस घटना में करीब 23 लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें बीजेपी के कार्यकर्ता और 7 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इस घटना को लेकर एसपी लेख चंद्रा ने कहा है कि सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को भुवनेश्वर के लिए रैफर कर दिया गया है। इस हादसे में अभी किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
आरोपी विधायक को अक्टूबर 2021 में कर दिया था सस्पेंड
आपको बता दें कि बीजेडी के जिस विधायक प्रशांत जगदेव पर इस हादसे को अंजाम देने का आरोप लगा है, उन्हें पार्टी ने पिछले साल अक्टूबर में ही सस्पेंड कर दिया था। प्रशांत जगदेव पर कथित तौर पर एक भाजपा नेता के साथ मारपीट का आरोप लगा था। इस घटना को लेकर उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications