Bikram Majithia Arrest: ड्रग्स केस में बिक्रम मजीठिया गिरफ्तार, घर पर छापे के बाद पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन
Bikram Majithia Arrest: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम मजीठिया को गिरफ्तार कर लिया है। विजिलेंस और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई 'युद्ध नशे के विरुद्ध' (नशा विरोधी अभियान) अभियान के तहत की है। भगवंत मान सरकार ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने का ऐलान किया था और इसके तहत यह मिशन चलाया जा रहा है। पंजाब पुलिस और विजिलेंस के संयुक्त ऑपरेशन के तहत पंजाब में 25 जगहों पर अब तक छापेमारी की गई है। बिक्रम मजीठिया ने अपनी गिरफ्तारी पर कहा कि वह न कभी डरे हैं और न आगे डरेंगे।
Bikram Majithia Arrest: पंजाब में सियासी संग्राम शुरू
बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी पर पंजाब की राजनीति में सियासी पारा चढ़ गया है। अमृतसर में मजीठिया के घर समेत कई और ठिकानों पर छापेमारी की गई है। छापेमारी के बाद मजीठिया ने कहा था, 'पंजाब सरकार राजनीति से प्रेरित होकर यह कार्रवाई कर रही है। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं आज तक नहीं डरा हूं और मुझे झुकाया नहीं जा सकता है।' बता दें कि ड्रग्स केस के अलावा मजीठिया के ऊपर आय से अधिक संपत्ति का भी केस चल रहा है।

यह भी पढ़ें: 'वन नेशन वन हसबैंड', ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ये बोलते ही घिरे सीएम भगवंत मान, भाजपा ने की इस्तीफे की मांग
बिक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी पर केजरीवाल ने दी प्रतिक्रिया
मजीठिया की गिरफ्तारी अब सियासी मुद्दा बन चुकी है। अकाली दल जहां इसे बदले की कार्रवाई बता रही है तो आम आदमी पार्टी ने इसे नशे के खिलाफ युद्ध बताया है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'पंजाब सरकार का यह नशे के खिलाफ युद्ध अभियान है।' बता दें कि हाल ही में पंजाब में लुधियाना वेस्ट सीट पर हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। उस वक्त भी आप संयोजक केजरीवाल ने कहा था कि स्वस्थ और नशा मुक्त पंजाब बनाना भगवंत मान सरकार का संकल्प है और जनता ने उस पर अपना समर्थन दिया है।
यह भी पढ़ें: Ludhiana West Bypoll: लुधियाना वेस्ट AAP ने जीत लिया-अब अरविंद केजरीवाल की अगली मंजिल राज्यसभा?
बिक्रम मजीठिया पर कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने भी भ्रष्टाचार और ड्रग्स रैकेट चलाने का आरोप लगाया था। मजीठिया पर आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के कई केस चल रहे हैं। वह पंजाब की राजनीति का चर्चित चेहरा रहे हैं और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications