All Party Delegation: संजय झा के नेतृत्व वाली टीम ने दिल्ली पहुंच कहा, 'पाकिस्तान को किया बेनकाब'
All Party Delegation: ऑपरेशन सिंदूर के बारे में बताने के लिए अलग-अलग देश गए ऑल पार्टी डेलिगेशन की टीम अब देश लौट रही है। जेडीयू सांसद संजय झा के नेतृत्व वाला डेलिगेशन दिल्ली लौट आया है। दिल्ली लौटने के बाद सांसद संजय झा ने कहा कि पाकिस्तान को बेनकाब करने में हमें सफलता मिली है। पूरी दुनिया आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया यह देख रही है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट है। ऑपरेशन सिंदूर की सभी देशों में तारीफ हुई है, क्योंकि हमने सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।
'All Party Delegation के जरिए दुनिया ने देखी भारत की एकता'
जेडीयू सांसद संजय झा ने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। इसमें आम नागिरकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। सभी देशों ने इसकी तारीफ की है। हमने हर जगह आग्रह किया कि एफएटीएफ (वित्तीय कार्रवाई कार्य बल) को पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए।' संजय झा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और इंडोनेशिया में ऑपरेशन सिंदूर पर भारत का पक्ष रखा है।

यह भी पढ़ें: 'पार्टी कहेगी तो लड़ूंगा बिहार चुनाव', चिराग पासवान का आ गया सबसे बड़ा बयान, सीट को लेकर भी कही ये बात
'भारत आतंकवाद से पीड़ित है और पाकिस्तान अपराधी'
संसद में सरकार का मुखर विरोध करने वाले केरल से सीपीआई-एम सांसद जॉन ब्रिटास भी इस डेलिगेशन का हिस्सा थे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'पांच देशों में हमने कई बैठकें कीं और ये सभी बैठक काफी सफल रही हैं। हम वैश्विक समर्थन जुटाने में कामयाब हुए हैं। हमने पांच देशों में जाकर वहां के अलग-अलग वर्गों से आतंकवाद पर भारत के रुख और नीतियों पर चर्चा की है। हम यह बताने में सफल रहे हैं कि पाकिस्तान आतंकवाद के पालन-पोषण का अपराधी है। भारत इस आतंक का पीड़ित है।'
बीजेपी सांसद अपराजिता सारंगी भी इस डेलिगेशन का हिस्सा थीं। उन्होंने कहा कि सभी देशों ने आतंक के खिलाफ भारत के रुख की सराहना की है। बता दें कि विपक्षी दल संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को कैबिनेट की अहम बैठक भी है और इसमें पीएम मोदी ऑल पार्टी डेलिगेशन की सफलता पर बात कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, सर्वदलीय बैठक में शामिल होने वाले सभी सांसदों से पीएम मुलाकात कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 'ऑपरेशन सिंदूर' पर जवाबदेही की मांग, INDIA गठबंधन ने विशेष सत्र को लेकर केंद्र को घेरा, पढ़ें पूरी हाईलाइट












Click it and Unblock the Notifications