नशे में प्लेन उड़ा रहा था एअर इंडिया का पायलट! 4 अगस्त के टर्बुलेंस मामले में बड़ा खुलासा, डोप टेस्ट पॉजिटिव
Air India Pilot Dope Test: फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में 4 अगस्त को हुए टर्बुलेंस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, फ्लाइट के कैप्टन का पहले साइकोएक्टिव सब्सटेंस स्क्रीनिंग टेस्ट में नतीजा non-negative आया था। इसके बाद कराए गए Confirmatory टेस्ट में भी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
यानी पायलट के सैंपल में नशीले या साइकोएक्टिव पदार्थ की मौजूदगी के संकेत की दूसरी जांच में भी पुष्टि हुई है। इस खुलासे के बाद दोनों पायलटों को फिलहाल फ्लाइंग ड्यूटी से हटा दिया गया है। हालांकि, टेस्ट में पॉजिटिव आने और विमान के अचानक करीब 300 फीट नीचे आने के बीच सीधा संबंध था या नहीं, इसकी जांच अभी जारी है।

क्या नशे में प्लेन उड़ा रहा था पायलट?
फुकेट से दिल्ली आ रही फ्लाइट के कैप्टन के डोप टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती स्क्रीनिंग में कैप्टन का टेस्ट non-negative आया था। इसके बाद Confirmatory टेस्ट कराया गया, जिसमें भी नतीजा पॉजिटिव मिला। हालांकि, इसे सीधे तौर पर यह कहना कि पायलट नशे में प्लेन उड़ा रहा था, अभी जांच पूरी होने से पहले जल्दबाजी होगी। अधिकारियों को अब यह पता लगाना होगा कि टेस्ट में कौन-सा पदार्थ मिला और उसका असर क्या था।
ये भी पढ़ें: एयरफोर्स की सुरक्षा में सेंध! हनीट्रैप में फंसा विंग कमांडर, खुफिया जानकारी भेज दी पाकिस्तान
दोनों टेस्ट पॉजिटिव, बढ़ी जांच की गंभीरता
मामले में सबसे बड़ा अपडेट यह है कि शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद कराए गए Confirmatory टेस्ट में भी पॉजिटिव परिणाम सामने आया है। आमतौर पर स्क्रीनिंग टेस्ट को अंतिम पुष्टि नहीं माना जाता, क्योंकि कुछ दवाइयों या अन्य कारणों से false positive परिणाम आ सकते हैं। लेकिन दूसरे टेस्ट में भी पॉजिटिव रिपोर्ट आने से मामला गंभीर हो गया है। अब जांच एजेंसियां टेस्ट के नतीजे और पायलट की ड्यूटी के दौरान स्थिति के बीच संभावित संबंध की जांच करेंगी।
टर्बुलेंस के दौरान 300 फीट नीचे आया था विमान
4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 क्रूज चरण के दौरान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गई थी। विमान में उस वक्त 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। अचानक हुई इस घटना के दौरान कुछ यात्रियों और केबिन क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं। हालांकि, विमान कुछ ही समय बाद स्थिर हो गया और सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया। अब पायलट की टेस्ट रिपोर्ट सामने आने के बाद घटना की जांच और अहम हो गई है।
जांच पूरी होने तक दोनों पायलट ग्राउंडेड
डोप टेस्ट के नतीजे सामने आने के बाद फ्लाइट में तैनात दोनों पायलटों को फिलहाल फ्लाइंग रोस्टर से हटा दिया गया है। नागर विमानन मंत्रालय के मुताबिक, ऐसी घटना के बाद तय Standard Operating Procedure के तहत फ्लाइट क्रू का साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट कराया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत दोनों पायलटों के सैंपल लिए गए थे। अब जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को उड़ान ड्यूटी से दूर रखा गया है और रिपोर्ट की विस्तृत जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली पर्यटन को मिलेगा आध्यात्मिक ट्विस्ट! क्या है CM रेखा गुप्ता का 'Reflection of India' प्लान
एअर इंडिया CEO ने मंत्रालय के अधिकारियों से की मुलाकात
मामले को लेकर एअर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन ने मंगलवार को एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नागर विमानन मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की। बैठक में नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा समेत कई अधिकारी शामिल हुए। टाटा सन्स और एअर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के कार्यकारी सलाहकार प्रदीप सिंह खरोला और एअर इंडिया के विमान सुरक्षा प्रमुख दीपक जोशी भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में टर्बुलेंस की घटना और जांच से जुड़े पहलुओं पर चर्चा हुई।


Click it and Unblock the Notifications
