AAP विधायक राजेश ऋषि के घर पर फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आपराधिक गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। क्या आम आदमी और क्या नेता, बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वो वारदात को अंजाम देने से पहले सोचते भी नहीं। ताजा मामला जनकपुरी इलाके का है। यहां से आम आदमी पार्टी के विधायक राजेश ऋषि के घर के सामने कुछ अज्ञात युवकों ने रविवार रात आपस में झगड़ा किया। इसी झगड़े के बीच एक युवक ने पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, लगभग 2 फायरिंग के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए।

वहीं राजेश ऋषि ने आरोप लगाया है कि फायरिंग उनके घर पर हुई और इसका सीसीटीवी वीडियो भी उनके पास है। राजेश के मानें तो रविवार रात तकरीबन 8:30 बजे के कुछ लोग उनके घर के पास पहुंचे। पहले उनका किसी बात पर विवाद हुआ और फिर उन लोगों ने फायरिंग कर दी। विधायक का कहना है कि फायरिंग के बाद सभी लोग फरार हो गए। जिन लोगों को विधायक राजेश ऋषि के साथ विवाद हुआ, क्या वे उन्हें जानते थे? यह बात नहीं पता चल पाई है। उन्होंने इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस को दी है। हालांकि, पुलिस में अभी एफआइआर दर्ज नहीं की है।
विधायक के घर पर मौजूद उनके छोटे भाई ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। विधायक के भाई के अनुसार ये बदमाश इलाके के शराब और नशीला पदार्थ बेचने वाले अवैध कारोबारी हो सकते हैं। जिसके खिलाफ क्षेत्र के विधायक राजेश ऋषि ने कई विभागों में शिकायत भी दी हुई है। ऐसे में शायद इन बदमाशों ने विधायक के घर पर उन्हें डराने के मंसूबे से आपसी झगड़े का नाटक और शोर शराबा किया। उसके बाद विधायक के घर के बाहर हवा में पिस्टल लहराते हुए गोली चलाई और मौके से फरार हो गए। आपको बता दें कि धायक राजेश ऋषि पहले भी विवादों में रह चुके हैं। राजेश ऋषि से दिल्ली पुलिस मुख्य सचिव पिटाई मामले में भी पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा चुनाव आयोग ने जिन 20 विधायकों की सदस्यता रद्द की थी, उनमें राजेश का नाम था।












Click it and Unblock the Notifications