Who is Ajanta Neog: कौन हैं असम कैबिनेट की इकलौती महिला मंत्री अजंता नियोग? एक दर्दनाक हादसे ने बदल दी जिंदगी
Who is Ajanta Neog: असम की राजनीति में आज एक नया अध्याय लिखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जैसे दिग्गजों की मौजूदगी में हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विधानसभा चुनाव 2026 में 126 सीटों में से 102 सीटें जीतकर एनडीए ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। लेकिन इस नई कैबिनेट में जिस एक नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है, वह है अजंता नियोग। वे इस सरकार में शामिल होने वाली अकेली महिला मंत्री हैं।
वकालत के पेशे से लेकर असम की पहली महिला वित्त मंत्री बनने तक का उनका सफर संघर्ष और अटूट साहस की मिसाल है। आइए जानतें हैं कैसा रहा उनका अब तक का राजनीतिक सफर...

अजंता नेओग: रसूखदार परिवार से वकालत और फिर सियासत
1964 में गुवाहाटी में जन्मी अजंता का नाता एक बेहद प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से है। उनकी मां रेबती दास जालुकबारी से विधायक रह चुकी हैं। अजंता ने गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से MA, LLB और LLM जैसी हाई डिग्रियां हासिल कीं और फिर गुवाहाटी हाई कोर्ट में एक सफल वकील के रूप में अपनी पहचान बनाई।
एक दर्दनाक हादसे ने बदल दी जिंदगी
अजंता नियोग का राजनीति में आना किसी योजना का हिस्सा नहीं था, बल्कि एक दुखद हादसे का परिणाम था। 1996 में उनके पति नागेन नियोग, जो उस समय राज्य सरकार में मंत्री थे, की एक उग्रवादी हमले में हत्या कर दी गई थी। इस भीषण हमले में कुल 8 लोग मारे गए थे। पति की मौत के बाद परिवार की राजनीतिक विरासत को संभालने के लिए अजंता ने कोर्ट रूम छोड़कर जनसेवा के मैदान में कदम रखा।
गोलाघाट से जीत का लगाया 'छक्का'
अजंता नियोग ने साल 2001 में कांग्रेस के टिकट पर गोलाघाट से अपना पहला चुनाव जीता। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
- कांग्रेस के साथ सफर: 2001, 2006, 2011 और 2016 में लगातार चार बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुनी गईं। 2011 में उन्होंने 46,000 से अधिक वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की थी।
- बीजेपी में एंट्री: साल 2020 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गईं। 2021 में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर पांचवीं जीत दर्ज की।
- ऐतिहासिक छक्का: 2026 के चुनावों में उन्होंने गोलाघाट सीट से लगातार छठी बार जीत हासिल कर राज्य की सबसे लंबे समय तक विधायक रहने वाली महिला का गौरव प्राप्त किया है।
पहली महिला वित्त मंत्री का गौरव
अजंता नियोग के पास न केवल चुनावी बल्कि गहरा प्रशासनिक अनुभव भी है। पिछली सरकार में उन्होंने असम की पहली महिला वित्त मंत्री के रूप में कार्यभार संभालकर इतिहास रचा था। इसके साथ ही उन्होंने महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व भी किया।
रिपोर्ट कार्ड: शिक्षा, संपत्ति और साफ छवि
अजंता नियोग अपनी साफ-सुथरी राजनीति के लिए जानी जाती हैं। उनका प्रोफाइल कुछ इस प्रकार है:
- शिक्षा (Education): पोस्ट ग्रेजुएट (LL.M, गुवाहाटी यूनिवर्सिटी, 2001)
- कुल संपत्ति (Total Assets): लगभग 3.55 करोड़ रुपये
- उधारी (Liabilities): शून्य
- क्रिमिनल केस (Criminal Cases): एक भी नहीं (साफ छवि)















Click it and Unblock the Notifications