Haryana Cabinet Analysis: हरियाणा में नायब सैनी सरकार कैबिनेट की खास बातें, सबसे अमीर मंत्री कौन?
Haryana Ministers List 2024: हरियाणा में लगातार तीसरी बार BJP सरकार बन गई। अब नए मंत्रियों में विभागों के बंटवारे पर मंथन शुरू हो गया है। नायब सिंह सैनी दूसरी बार हरियाणा मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे। उनके साथ ही 17 अक्टूबर 2024 को पंचकूला के दशहरा मैदान में 13 मंत्रियों की भी 'नायाब' ताजपोशी हुई। पीएम नरेंद्र मोदी व 17 राज्यों के सीएम व डिप्टी सीएम समेत कई केंद्रीय मंत्री और 50 हजार से ज्यादा लोग हरियाणा की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने।
नायब सिंह सैनी हरियाणा के 25वें मुख्यमंत्री
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने नायब सिंह सैनी को हरियाणा के 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। इनके बाद 11 विधायकों को कैबिनेट व 2 विधायकों को स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बनाए गए हैं। दोनों महिला मंत्रियों श्रुति चौधरी व आरती सिंह राव ने अंग्रेजी में शपथ ली। बाकी सब मंत्रियों ने हिंदी में। आइए जानते हैं हरियाणा की नई सरकार की खास बातें व राजनीतिक विश्लेषण।
यह भी पढ़ें- 'मेरे जैसे कार्यकर्ता को दिया हरियाणा का CM बनने का अवसर', शपथ लेते ही नायब सैनी ने PM मोदी का जताया आभार

हरियाणा में दुबारा सीएम बनने का चौथा मौका
नायब सिंह सैनी हरियाणा मुख्यमंत्री बनने वाले 11वें शख्स हैं। बीते 25 साल में यह चौथा मौका है, जब कोई दूबारा हरियाणा सीएम बना हो। हरियाणा सरकार 2024 में BJP ने कोई डिप्टी सीएम नहीं बनाया। जबकि राजस्थान व मध्य प्रदेश में डिप्टी सीएम का फॉर्मूला अपनाया जा चुका है। खुद हरियाणा में भाजपा के पिछले कार्यक्रम में जेजेपी दुष्यंत दुष्यंत चौटाला को डिप्टी सीएम पद दिया गया था।
हरियाणा सरकार कैबिनेट में पहली बार क्या हुआ?
1. हरियाणा सरकार में यह पहला मौका है जब मंत्रियों के सारे 13 पद भर दिए गए। मतलब नायब सिंह सैनी सरकार-2 में काम को प्राथमिकता दी गई है।
2. नायब सिंह सैनी के कैबिनेट में कोई राज्यमंत्री नहीं बनाया गया। यह भी पहली बार हुआ है। 11 कैबिनेट व दो स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री बने हैं।
3. हरियाणा के 13 मंत्रियों में पहली बार दो महिलाओं को मंत्री बनाया गया है। अटेली विधायक आरती सिंह राव और तोशाम विधायक श्रुति चौधरी।
4. हरियाणा कैबिनेट 2024 में नायब सिंह सैनी व महिपाल ढांडा को छोड़कर बाकी सारे 12 विधायक पहली बार मंत्री बने हैं। 4 विधायक तो ऐसे हैं, जो पहली बार विधायक बनते ही मंत्री भी बन गए।
हरियाणा सरकार मंत्रिमंडल 2024 कैसा है?
1. संतुलन: हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार के केबिनेट में जातीय, क्षेत्रीय, संगठन क्षमता, वरिष्ठता, नारी शक्ति, उम्र, शिक्षा और परिवारवाद जैसे समीकरणों को बड़े कायदे से साधा गया है।
2. क्षेत्रीय समीकरण: हरियाणा में भाजपा सरकार ने जीटी बेल्ट व उत्तरी हरियाणा से 5, अहीरवाल व दक्षिण हरियाणा से 5, जाट लैंड व मध्य हरियाणा से 3 और बागड़ बेल्ट व पश्चिम हरियाणा से 1 विधायक मंत्री बना। हरियाणा कैबिनेट में 12 जिलों को प्रतिनिधित्व मिला है। करनाल समेत 10 जिले खाली हाथ रह गए। पानीपत-फरीदाबाद से दो-दो मंत्री बनाए गए हैं।
3. जातीय समीकरण व परिवारवाद: हरियाणा मंत्रिमंडल 2024 में 5 ओबीसी, 2-2 जाट, ब्राह्मण, एससी, 1-1 पंजाबी, वैश्य व राजपूत चेहरा हैं। राजनीतिक परिवारों में इंद्रजीत सिंह राव व किरण चौधरी की बेटियों को मंत्री बनने का मौका मिला है।
हरियाणा का सबसे युवा व उम्रदराज मंत्री कौन?
हरियाणा सरकार 2024 के मंत्रिमंडल की औसत उम्र 57.7 साल है। हरियाणा के सबसे युवा मंत्री गौरव गौतम हैं, जो राज्य मंत्री (स्वंतत्र प्रभार) बने हैं। ये पलवल से भाजपा विधायक हैं। हरियाणा सरकार के सबसे उम्रदराज मंत्री का नाम श्याम सिंह राणा है, जो रादौर से विधायक हैं। नायब सिंह सैनी सरकार में कैबिनेट मंत्री बने हैं।
हरियाणा का सबसे अमीर मंत्री कौन?
हरियाणा भाजपा सरकार 2024 के मंत्रिमंडल में सारे मंत्री करोड़पति हैं। नायब सिंह सैनी कैबिनेट 2024 की औसत संपत्ति 30.17 करोड़ रुपए है। 134 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी हरियाणा की सबसे अमीर मंत्री हैं। सबसे कम 1.16 करोड़ रुपए की संपत्ति कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा के पास है।
हरियाणा सरकार 2024 के मंत्रियों के नाम
1. नायब सिंह सैनी, विधायक लाडवा, मुख्यमंत्री
2. अनिल विज, विधायक अंबाला कैंट, कैबिनेट मंत्री
3. कृष्ण लाल पंवार, विधायक इसराना, कैबिनेट मंत्री
4. राव नरबीर सिंह, विधायक बादशाहपुर, कैबिनेट मंत्री
5. महिपाल ढांडा, विधायक पानीपत ग्रामीण, कैबिनेट मंत्री
6. विपुल गोयल, विधायक फरीदाबाद, कैबिनेट मंत्री
7. अरविंद शर्मा, विधायक गोहाना, कैबिनेट मंत्री
8. श्याम सिंह राणा, विधायक रादौर, कैबिनेट मंत्री
9. रणबीर सिंह गंगवा, विधायक बरवाला, कैबिनेट मंत्री
10. कृष्ण बेदी, विधायक नरवाना, कैबिनेट मंत्री
11. श्रुति चौधरी, विधायक तोशाम, कैबिनेट मंत्री
12. आरती सिंह राव, विधायक अटेली, कैबिनेट मंत्री
13. राजेश नागर, विधायक तिगांव, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
14. गौरव गौतम, विधायक पलवल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)












Click it and Unblock the Notifications