महिलाओं को ₹40 हजार पेंशन, आंगनबाड़ी,आशा कार्यकर्ताओं के लिए नई योजनाएं, सपा के घोषणापत्र में क्या खास?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और कामकाजी वर्ग को लेकर कई बड़े वादे किए हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने 26 नवंबर को घोषणापत्र जारी करते हुए बुजुर्ग महिलाओं और महिला कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपये देने का ऐलान किया। यह रकम पेंशन के तौर पर सीधे उनके बैंक खातों में भेजने की बात कही गई है। इसके अलावा आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए नई योजनाएं लाने, उनका वेतन बढ़ाने और नौकरी में पक्का करने की दिशा में काम करने का वादा भी किया गया है।
एसपी ने महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र लाने की बात दोहराई है। पार्टी का कहना है कि आधी आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखकर अलग योजनाएं बनाई जाएंगी। गरीब परिवारों के लिए 5 रुपये में भोजन, मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर एंबुलेंस सुविधा देने का वादा भी किया गया है। सवाल है कि महिलाओं के लिए घोषणापत्र में क्या-क्या है और इसके अलावा किन वर्गों को साधने की कोशिश हुई है?

महिलाओं को सालाना ₹40 हजार पेंशन, कारीगरों को भी राहत
अखिलेश यादव ने बुजुर्ग महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा किया है। महिला कारीगरों को भी इतनी ही सालाना सहायता देने की बात कही गई है। इसके साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम और क्लब बनाने का प्रस्ताव है। यानी पार्टी ने महिलाओं के साथ बुजुर्गों की देखभाल को भी अपने एजेंडे में जगह दी है।
आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन बढ़ाने का वादा
घोषणापत्र में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए नई योजनाएं लाने की बात कही गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी और ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को बेहतर वेतन दिया जाएगा। उन्हें नौकरी में स्थायी करने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, वेतन कितना बढ़ेगा और स्थायी करने की प्रक्रिया क्या होगी, इसका विस्तृत खाका सामने नहीं आया है।
महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र, सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस
अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा। पार्टी ने महिलाओं और मुसलमानों के खिलाफ जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का वादा किया है। पीडीए और गरीब परिवारों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने की बात भी है, जहां 5 रुपये में भोजन की थाली मिलेगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पेंशन पर भी बड़े ऐलान
सपा ने गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने, जरूरतमंदों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को मुफ्त गुणवत्तापूर्ण इलाज और बेहतर एंबुलेंस सेवा देने का वादा किया है। पार्टी पुरानी पेंशन बहाली की दिशा में काम करने की बात भी कह रही है।
शिक्षा के मोर्चे पर 26 हजार बंद प्राथमिक स्कूल फिर खोलने, 12वीं के छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने और राज्य शिक्षा नीति लाने का ऐलान है। करीब 1.5 लाख शिक्षामित्रों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने का वादा भी किया गया है।
युवाओं, किसानों और पीडीए के लिए भी घोषणाएं
घोषणापत्र में पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, तीन करोड़ रोजगार और बेरोजगार युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये देने का वादा है। भर्ती परीक्षाएं तय समय पर कराने और पेपर लीक के लिए मंत्री-अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराने की बात कही गई है। शहरों में रोजगार गारंटी कानून और छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास भी बनाए जाएंगे।
किसानों की कर्जमाफी, 23 फसलों और दूध पर कानूनी एमएसपी, आलू-टमाटर-प्याज के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति और गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान का वादा किया गया है। ग्रामीण विकास के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये की व्यवस्था और गन्ना भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाने की बात है।
सामाजिक न्याय के तहत जातिगत जनगणना, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास बोर्ड और 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में पीडीए के लिए 50 फीसदी आरक्षण का प्रस्ताव है। पार्टी ने कौशल विकास, समान शिक्षा के अवसर, यशभारती सम्मान और जेन-जी व जेन अल्फा के लिए भी योजनाएं रखने की बात कही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि घोषणापत्र का मकसद पीड़ित, शोषित, वंचित और गरीब लोगों की गरिमा और आत्मसम्मान को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी कहा कि हर शहर की जरूरत के हिसाब से अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा। यूपी की 403 सीटों पर फरवरी-मार्च 2027 में चुनाव होने की उम्मीद है। ऐसे में एसपी का यह घोषणापत्र महिलाओं, युवाओं, किसानों और पीडीए वर्ग के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।




Click it and Unblock the Notifications
