Akhilesh Yadav Manifesto 2027: 'ग्रेजुएट को ₹5000 भत्ता, 25 लाख सरकारी Job'- युवाओं के लिए 11 बड़े वादे

Samajwadi Party Akhilesh Yadav Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने युवाओं और बेरोजगारों को अपने चुनावी एजेंडे में अहम जगह दी है। पार्टी के 'पीडीए का प्रणपत्र 2027' में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी करने, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और युवाओं को नौकरी के लायक कौशल सिखाने का वादा किया गया है।

घोषणापत्र में सबसे प्रमुख वादों में नौकरी या रोजगार मिलने तक ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये का पोषण भत्ता देना शामिल है। इसके अलावा पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

akhilesh-yadav-manifesto-2027

पार्टी ने कौशल विकास केंद्रों, लैपटॉप वितरण, शहरी रोजगार गारंटी कानून और अग्निवीरों के लिए रोजगार के विकल्पों से जुड़े प्रस्ताव भी रखे हैं। हालांकि, ये फिलहाल चुनावी वादे हैं। इन पर अमल सरकार बनने के बाद तय होने वाली नीतियों, बजट और पात्रता की शर्तों पर निर्भर करेगा। आइए विस्तार से जानते हैं कि युवाओं के लिए अखिलेश की झोली में क्या-क्या?

1. पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा

सपा ने पांच साल के भीतर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का संकल्प जताया है। इसके साथ ही पार्टी ने दूसरे क्षेत्रों में 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।

इसके लिए सभी सरकारी विभागों में रिक्त पदों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भरने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया में होने वाली देरी कम करना और खाली पदों पर नियुक्तियां सुनिश्चित करना है।

युवाओं को संभावित फायदा: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को नियमित भर्तियों और खाली पदों को भरने की व्यवस्था से फायदा मिल सकता है। हालांकि, घोषणापत्र में विभागवार रिक्तियों और भर्ती की विस्तृत योजना का ब्योरा नहीं दिया गया है।

2. ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने ₹5,000 भत्ता

सपा के घोषणापत्र में स्नातक यानी ग्रेजुएशन पूरा कर चुके युवाओं के लिए हर महीने 5,000 रुपये का पोषण भत्ता देने का वादा किया गया है। पार्टी के मुताबिक, नौकरी या रोजगार मिलने तक यह आर्थिक सहायता दी जाएगी।

इस प्रस्ताव के साथ युवाओं को नौकरी के लिए जरूरी कौशल सिखाने की भी बात कही गई है। यानी योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि रोजगार पाने में मदद करना भी है।

किसे मिल सकता है फायदा? अगर यह प्रस्ताव लागू होता है, तो निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक आर्थिक मदद मिल सकती है।

3. पेपर लीक रोकने के लिए अधिकारियों और मंत्रियों की जवाबदेही

सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, परिणाम में देरी और भर्ती प्रक्रिया लंबी खिंचने जैसे मुद्दे अभ्यर्थियों की चिंता का विषय रहे हैं। सपा ने इन समस्याओं पर लगाम लगाने का वादा किया है। घोषणापत्र में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए कई प्रस्ताव रखे गए हैं...

  • सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा।
  • परीक्षाएं निर्धारित समय पर कराने की व्यवस्था होगी।
  • एक परीक्षा वाली भर्ती प्रक्रिया तीन महीने में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
  • एक से अधिक परीक्षाओं वाली भर्ती प्रक्रिया छह महीने में पूरी करने का वादा किया गया है।
  • परीक्षा परिणाम समय पर और पारदर्शी तरीके से घोषित किए जाएंगे।
  • पेपर लीक होने पर संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की जवाबदेही तय करने की बात कही गई है।

इन प्रस्तावों का मकसद भर्ती प्रक्रिया में अनिश्चितता कम करना है, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।

4. हर साल 5 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण

सपा ने युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कौशल विकास केंद्र स्थापित करने का वादा किया है। घोषणापत्र के अनुसार, इन केंद्रों के जरिए हर साल पांच लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा तहसील स्तर पर कौशल विकास और करियर परामर्श केंद्र बनाने का प्रस्ताव है। पार्टी ने इनके माध्यम से हर साल 20 लाख युवाओं के कौशल विकास का लक्ष्य रखा है। इसमें छात्राओं पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही गई है।

क्या होगा फायदा? प्रशिक्षण और करियर संबंधी मार्गदर्शन से युवाओं को अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप रोजगार तलाशने में मदद मिल सकती है। हालांकि, प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम, केंद्रों की संख्या और रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था का विस्तृत खाका सामने आना बाकी है।

5. 12वीं पास छात्र-छात्राओं को फिर मिलेंगे लैपटॉप?

सपा ने 12वीं कक्षा पास करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना दोबारा लागू करने का वादा किया है। इसके अलावा पार्टी ने स्कूलों और उच्च शिक्षा से जुड़े कई प्रस्ताव रखे हैं।

  • बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा संचालित करने की बात कही गई है।
  • प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई सुविधा देने का वादा किया गया है।
  • शिक्षा पर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद यानी GSDP का 6 प्रतिशत खर्च करने का संकल्प जताया गया है।
  • उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने की बात कही गई है।
  • विशेष राज्य शिक्षा नीति लागू करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

इन घोषणाओं का उद्देश्य शिक्षा तक पहुंच बढ़ाना, डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराना और पढ़ाई को रोजगार की जरूरतों से जोड़ना है।

6. MSME सेक्टर से एक करोड़ से ज्यादा नौकरियों का लक्ष्य

सपा ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम यानी MSME सेक्टर को रोजगार सृजन का प्रमुख माध्यम बनाने की बात कही है। घोषणापत्र में इस क्षेत्र को बढ़ावा देकर वर्ष 2032 तक एक करोड़ से अधिक नौकरियां सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

पार्टी का व्यापक लक्ष्य पांच साल में दूसरे क्षेत्रों के जरिए 2 से 3 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना भी है। छोटे और मध्यम उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। लेकिन इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए उद्योगों को किस तरह की सहायता मिलेगी, कितना निवेश किया जाएगा और रोजगार की गणना किस आधार पर होगी, इसका विस्तृत ब्योरा घोषणापत्र में स्पष्ट नहीं है।

7. ग्रामीण युवाओं के लिए स्मार्ट किसान सहायक योजना

सपा ने ग्रामीण युवाओं को कृषि क्षेत्र से जुड़े रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का भी वादा किया है। इसके लिए 'स्मार्ट किसान सहायक योजना' के तहत पांच लाख ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की बात कही गई है।

इस प्रस्ताव का उद्देश्य कृषि के आधुनिकीकरण में प्रशिक्षित युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है। इसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि से जुड़े नए काम और रोजगार के अवसर विकसित करने की योजना है।

8. शहरों के युवाओं के लिए रोजगार गारंटी कानून

घोषणापत्र में शहरी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने का प्रस्ताव रखा गया है। अगर ऐसा कानून लागू किया जाता है, तो इसके जरिए शहरों में रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाई जा सकती है। लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कानून के तहत कितने दिनों का रोजगार मिलेगा, मजदूरी कितनी होगी और किन लोगों को इसका लाभ मिलेगा। इन शर्तों के सामने आने के बाद ही इस प्रस्ताव के संभावित दायरे और युवाओं को मिलने वाले वास्तविक लाभ का आकलन किया जा सकेगा।

akhilesh-yadav-manifesto-2027

9. AI से नौकरी गंवाने वालों को दोबारा प्रशिक्षण

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल से कामकाज के तरीके बदल रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सपा ने AI के कारण नौकरी गंवाने वाले या जिनकी नौकरी पर खतरा है, ऐसे लोगों को दोबारा प्रशिक्षण देने का वादा किया है। घोषणापत्र के अनुसार, प्रभावित लोगों को चिह्नित कर उनका कौशल विकास किया जाएगा, ताकि वे बदलती तकनीक के अनुरूप नई नौकरी पाने के लिए तैयार हो सकें। यह प्रस्ताव उन कर्मचारियों के लिए अहम हो सकता है जिनके काम पर नई तकनीक का असर पड़ रहा है।

10. अग्निवीरों को यूपी पुलिस और दूसरे विभागों में रोजगार

सपा ने अग्निवीर योजना के मौजूदा स्वरूप का विरोध करते हुए अग्निवीरों के लिए रोजगार का प्रस्ताव रखा है। घोषणापत्र के मुताबिक, नीति में बदलाव होने तक ऐसे अग्निवीरों को राज्य पुलिस और अन्य विभागों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जिन्हें स्थायी कमीशन नहीं मिल पाता।

इस प्रस्ताव का संबंध सैन्य सेवा के बाद रोजगार के विकल्पों से है। अगर इसे लागू किया जाता है, तो संबंधित अग्निवीरों को राज्य स्तर पर नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था बन सकती है।

11. बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल

सपा ने बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए स्वतंत्र छात्रावास बनाने का भी वादा किया है। इसका उद्देश्य पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में जाने वाले विद्यार्थियों को रहने की सुविधा उपलब्ध कराना है। अगर, यह प्रस्ताव लागू होता है, तो दूसरे जिलों से उच्च शिक्षा या प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आने वाले विद्यार्थियों को मदद मिल सकती है।

यहां देखें पूरा घोषणापत्र-

क्या है सपा के घोषणापत्र का सबसे बड़ा फोकस?

'पीडीए का प्रणपत्र 2027' में युवाओं को लेकर तीन प्रमुख प्राथमिकताएं दिखाई देती हैं। पहली, सरकारी भर्तियों को समयबद्ध और पारदर्शी बनाना। दूसरी, नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे ग्रेजुएट युवाओं को आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव। तीसरी, निजी क्षेत्र, छोटे उद्योगों, कृषि और कौशल विकास के जरिए रोजगार के अवसर बढ़ाना।

घोषणापत्र में शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं, शहरी रोजगार और तकनीक के कारण प्रभावित कर्मचारियों के लिए भी प्रस्ताव शामिल हैं। अग्निवीरों को राज्य पुलिस और अन्य विभागों में रोजगार देने का वादा भी इसी रोजगार-केंद्रित एजेंडे का हिस्सा है।

UP Chunav: 'अच्छे दिन आए नहीं, अब बुरे दिन जाने वाले हैं',घोषणापत्र कार्यक्रम में अखिलेश यादव की 5 बड़ी बातें
UP Chunav: 'अच्छे दिन आए नहीं, अब बुरे दिन जाने वाले हैं',घोषणापत्र कार्यक्रम में अखिलेश यादव की 5 बड़ी बातें
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+