Dr Hassan Trailer Out: 'डॉ. हसन' का ट्रेलर रिलीज, नवाजुद्दीन सिद्दीकी बने मेडिकल जीनियस, सुलझेंगे कई रहस्य
Dr Hassan Trailer Out: बॉलीवुड के दमदार एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी (Nawazuddin Siddiqui) एक बार फिर अपने अभिनय से दर्शकों को कुछ नया दिखाने के लिए तैयार हैं। जियोहॉटस्टार ने उनकी आगामी सीरीज 'डॉ. हसन' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस मेडिकल ड्रामा में नवाजुद्दीन एक ऐसे डॉक्टर की भूमिका निभा रहे हैं, जो मुश्किल से मुश्किल बीमारियों की पहचान करने में माहिर है। उनके साथ दीया मिर्जा (Dia Mirza) भी अहम किरदार में नजर आएंगी। सीरीज का ट्रेलर मेडिकल रहस्यों, दिलचस्प किरदारों, ह्यूमर और भावनात्मक रिश्तों की एक अलग दुनिया की झलक पेश करता है। ये वेब सीरीज आगामी 11 दिसंबर 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने वाली है।
'डॉ. हसन' के ट्रेलर में क्या है खास?
'डॉ. हसन' की कहानी जानकी दास रुइया अस्पताल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां कई ऐसे मेडिकल केस सामने आते हैं जिनकी वजह और बीमारी का पता लगाना आसान नहीं होता। जब तमाम जांच और इलाज के तरीके किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाते, तब डॉ. हसन अपनी असाधारण समझ और मरीजों के लक्षणों को बारीकी से पढ़ने की क्षमता के दम पर इन मामलों को सुलझाने की कोशिश करते हैं।

वेब सीरीज में हर मेडिकल केस एक नई चुनौती लेकर आएगा
-नवाजुद्दीन सिद्दीकी का किरदार एक ऐसा डॉक्टर है, जिसका दिमाग मेडिकल समस्याओं को समझने में बेहद तेज है लेकिन निजी जिंदगी और लोगों के साथ तालमेल बैठाने में वह काफी कमजोर पड़ जाता है। उसका बेबाक अंदाज, अजीब व्यवहार और नियमों को अपने हिसाब से देखने की आदत उसे बाकी डॉक्टरों से अलग बनाती है।
-इस वेब सीरीज में हर मेडिकल केस एक नई चुनौती लेकर आएगा। कई बार मामूली दिखाई देने वाले लक्षण किसी गंभीर बीमारी की ओर इशारा करेंगे, ऐसे में मरीज की जिंदगी बचाने के लिए डॉ. हसन की सोच और अनुभव अहम भूमिका निभाएंगे।
दीया मिर्जा निभाएंगी डॉ. पलक जैन का किरदार
-इस वेब सीरीज में दीया मिर्जा डॉ. पलक जैन के किरदार में नजर आएंगी, जो अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) हैं। पलक और हसन मेडिकल कॉलेज के दिनों से एक-दूसरे को जानते हैं। वह हसन की प्रतिभा, उसकी काम करने की शैली और उसके मुश्किल स्वभाव से अच्छी तरह परिचित हैं।
-पलक जहां अस्पताल की व्यवस्था और जिम्मेदारियों को संभालती हैं, वहीं हसन अपने अलग अंदाज में मेडिकल मामलों को सुलझाने में जुटे रहते हैं। दोनों के बीच पुरानी दोस्ती, आपसी समझ और नोकझोंक सीरीज में दिलचस्प मोड़ लेकर आएगी।
-हसन के साथ डॉ. विवेक और अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी मौजूद है, जिन्हें हर दिन उसके अनोखे तरीकों के साथ काम करना पड़ता है। अस्पताल के भीतर मेडिकल चुनौतियों के साथ-साथ टीम के सदस्यों के बीच रिश्तों और भावनाओं की कहानी भी देखने को मिलेगी।
मेडिकल मिस्ट्री के साथ ह्यूमर और रिश्तों का तड़का
-'डॉ. हसन' सिर्फ अस्पताल, बीमारियों और इलाज तक सीमित कहानी नहीं है। सीरीज में हास्य, असामान्य परिस्थितियां और डॉक्टरों की निजी जिंदगी से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया गया है। हसन का दूसरों से बातचीत करने का तरीका कई बार अजीब और मजेदार परिस्थितियां पैदा करता है, जबकि उसके सामने आने वाले मेडिकल केस कहानी में रोमांच बनाए रखते हैं।
-ये सीरीज पारंपरिक मेडिकल ड्रामा से थोड़ा अलग नजर आती है क्योंकि इसमें मरीज की बीमारी पहचानने के साथ-साथ डॉक्टरों के व्यक्तित्व, उनके आपसी रिश्तों और भावनात्मक उलझनों पर भी फोकस किया गया है। हर केस में छिपे सुराग को समझना और उन पहलुओं तक पहुंचना, जिन्हें बाकी लोग नजरअंदाज कर देते हैं, कहानी का अहम हिस्सा होगा।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कैसा है उनका किरदार?
-डॉ. हसन के किरदार को लेकर नवाजुद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि यह ऐसा इंसान है, जिसे दूसरों की नजरों में अच्छा बनने की कोई खास परवाह नहीं है। वह अपने सामने मौजूद मेडिकल केस में पूरी तरह डूब जाता है और उसके लिए बाकी चीजें महत्वहीन हो जाती हैं।
-नवाजुद्दीन सिद्दीकी के मुताबिक एक कलाकार के तौर पर उन्हें ऐसे किरदारों की परतें समझने और उनके विरोधाभासों को पर्दे पर उतारने में काफी दिलचस्पी रहती है। किसी किरदार की केवल अजीब आदतों को दिखाने के बजाय उसके सोचने और व्यवहार करने के पीछे की वजह समझना ज्यादा जरूरी होता है।
-उन्होंने ये भी बताया कि हसन के आसपास के लोगों के साथ होने वाली बातचीत से कई ऐसे मजेदार पल पैदा होते हैं, जिनकी उसे खुद भी उम्मीद नहीं होती। नवाज के लिए यह किरदार काफी खास रहा और इसकी अलग-अलग खूबियों को समझना उनके अभिनय अनुभव का दिलचस्प हिस्सा रहा।
दीया मिर्जा को क्यों पसंद आई 'डॉ. हसन' की कहानी?
-दीया मिर्जा के मुताबिक, इस सीरीज की सबसे खास बात यह है कि इसमें मेडिकल केस जितने दिलचस्प हैं, उतने ही महत्वपूर्ण किरदारों के आपसी रिश्ते भी हैं। उनका किरदार पलक हसन को काफी करीब से जानता है और उसकी प्रतिभा के साथ-साथ उसकी मुश्किलों को भी समझता है।
-दीया का मानना है कि पलक और हसन के बीच पुराना रिश्ता होने की वजह से उनकी बातचीत में एक खास अपनापन दिखाई देता है। दोनों के बीच की समझ, दोस्ती और मजेदार नोकझोंक कहानी को एक अलग रंग देती है।
-उन्होंने ये भी कहा कि सीरीज चिकित्सा की दुनिया को केवल बीमारी और इलाज के नजरिए से नहीं देखती बल्कि अस्पताल में काम करने वाले लोगों की भावनाओं, उनके स्वभाव और निजी रिश्तों को भी सामने लाती है।
हॉलीवुड की मशहूर सीरीज 'हाउस' पर आधारित है 'डॉ. हसन'
-'डॉ. हसन' लोकप्रिय अमेरिकी मेडिकल सीरीज 'हाउस' (House) का भारतीय रूपांतरण है। इस ओरिजिनल सीरीज को डेविड शोर ने बनाया था, जिसमें ह्यू लॉरी ने डॉक्टर ग्रेगरी हाउस का किरदार निभाया था। यह शो 2004 से 2012 तक फॉक्स चैनल पर प्रसारित हुआ और कुल आठ सीजन तक दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहा।
-'हाउस' को अपने अनोखे मेडिकल केस, डॉक्टर के बेबाक स्वभाव और अलग तरह की कहानी के लिए काफी सराहना मिली थी। इस सीरीज ने पांच प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड, दो गोल्डन ग्लोब, एक पीबॉडी अवॉर्ड और नौ पीपल्स च्वाइस अवॉर्ड समेत कई प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए थे।
कब और कहां रिलीज होगी 'डॉ. हसन'?
-रोहन सिप्पी के निर्देशन में बनी इस सीरीज की कहानी विनय छावल और केतन पेडगांवकर ने लिखी है, जबकि डायलॉग विराट बसोया ने तैयार किए हैं। इसका निर्माण बानिजे एशिया के बैनर तले दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी ने किया है। सीरीज के मेकर विभास सिंह गौतम हैं।
-'डॉ. हसन' 11 दिसंबर 2026 से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा की इस नई जोड़ी को मेडिकल मिस्ट्री और ड्रामा में देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प अनुभव हो सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
