क्रुणाल पंड्या की ओर चला जूता, ऑटोग्राफ देते समय हुई घटना, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
क्रिकेटर और उनके प्रशंसकों के बीच मैदान के बाहर होने वाली मुलाकात अक्सर यादगार होती है। खिलाड़ी भी मैच के बाद फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाने और ऑटोग्राफ देने के लिए समय निकालते हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में क्रुणाल पंड्या के साथ ऐसा कुछ हुआ, जिसने इस मुलाकात को अप्रिय बना दिया।
बड़ौदा के कप्तान क्रुणाल मैच के बाद दर्शकों के पास ऑटोग्राफ देने पहुंचे थे, तभी उनकी ओर जूता फेंका गया। क्रुणाल ने समय रहते खुद को बचा लिया और जूता उन्हें नहीं लगा। यह घटना सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के मुकाबले के बाद हुई।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में क्रुणाल बाउंड्री के पास मौजूद दर्शकों की तरफ जाते दिखाई देते हैं। इसी दौरान अचानक उनकी ओर जूता आता है। क्रुणाल तुरंत पीछे हटकर उससे बचते हैं। इस हरकत पर उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की और उस व्यक्ति को दोबारा ऐसा नहीं करने की चेतावनी देते नजर आए।
जूता फेंके जाने के बाद भी देते रहे ऑटोग्राफ
इस घटना के बावजूद क्रुणाल पांड्या ने सभी प्रशंसकों से दूरी नहीं बनाई। वीडियो के दूसरे हिस्से में वह एक फैन की जैकेट पर ऑटोग्राफ देते दिखाई देते हैं। यानी अप्रिय घटना के बाद भी उन्होंने बाकी समर्थकों से मुलाकात जारी रखी और व्यवहार सामान्य रखा।
इस वीडियो के सामने आने के बाद खिलाड़ी के साथ प्रशंसकों के व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कई फैंस ने इस तरह के बर्ताव को अनुचित माना है, पांड्या के साथ हुई इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया है।
हांगकांग सिक्सेस खराब रहा था प्रदर्शन
क्रुणाल पांड्या इस सीजन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा की कप्तानी कर रहे हैं। आईपीएल में आरसीबी के लिए खेलने वाले पांड्या का प्रदर्शन हाल ही में खत्म हुए हांगकांग सिक्सेस में अच्छा नहीं रहा था, वहां उनकी गेंदों पर जमकर पिटाई देखने को मिली थी।


Click it and Unblock the Notifications
