'वैभव सूर्यवंशी खेलेंगे 500 रनों की पारी,' किसने की अब तक की सबसे बड़ी भविष्यवाणी, टाइम भी बता दिया
वैभव सूर्यवंशी ने अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने करियर की शुरुआत ही की है लेकिन उनके खेल को देखकर दिग्गज क्रिकेटर भविष्य के बड़े रिकॉर्ड की चर्चा करने लगे हैं। 15 साल के इस बल्लेबाज ने हाल ही में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में ऐसी पारी खेली, जिसने दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया।
अब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने वैभव को लेकर ऐसी भविष्यवाणी की है, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय लिख सकती है। पीटरसन का मानना है कि वैभव आने वाले पांच साल में टेस्ट मैच की एक पारी में 500 रन बना सकते हैं।

उन्होंने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह बात लिखी। अगर वैभव ऐसा करने में सफल रहते हैं, तो वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का मौजूदा रिकॉर्ड भी तोड़ देंगे। टेस्ट क्रिकेट में अब तक 500 का आंकड़ा किसी खिलाड़ी ने हासिल नहीं किया है, पीटरसन ने यहां तक कहा कि अगले पांच साल में ही वैभव यह कारनामा करेंगे। इसका मतलब यह है कि वैभव सूर्यवंशी की उम्र उस समय 20 साल होगी।
ब्रायन लारा के 400 रन का रिकॉर्ड होगा पीछे
टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा के नाम है। उन्होंने साल 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 400 रन बनाए थे। दो दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी कोई बल्लेबाज इस आंकड़े को पार नहीं कर पाया है। अब पीटरसन ने वैभव को इस रिकॉर्ड से भी आगे जाते हुए देखने की उम्मीद जताई है।
UAE के खिलाफ 53 गेंदों में ठोके थे 204 रन
पीटरसन की इस भविष्यवाणी की वजह वैभव की हालिया बल्लेबाजी भी है। उन्होंने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में UAE के खिलाफ सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और सात चौके निकले। उन्होंने 28 गेंदों में शतक और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया था। लिस्ट-ए क्रिकेट में इतनी तेज दोहरा शतकीय पारी पहले नहीं खेली गई थी। इस पारी ने दुनिया को हैरान कर दिया था, इसी वजह से अब वैभव को लेकर अलग-अलग तरह की बातें कही जा रही हैं, केविन पीटरसन ने सबसे अलग भविष्यवाणी की है।


Click it and Unblock the Notifications
