गाजियाबाद में चौथी मंजिल पर रेलिंग से लटककर खिड़की साफ करती दिखी महिला, रोंगते खड़े करने वाला VIDEO वायरल
गाजियाबाद, 21 फरवरी: इंटरनेट आम लोगों के खतरनाक स्टंट वीडियो से भरा पड़ा है। ऐसे ही एक खतरनाक वीडियो दिल्ली से सटे जिला गाजियाबाद से सामने आया है। इस वीडियो में एक महिला बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर रेलिंग पर खड़े होकर कांच की खिड़कियों को साफ करती हुई नजर आ रही है। महिला का वीडियो किसी ने मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने महिला की तलाश कर उसे आगे से ऐसा ना करने की चेतावनी दी है।
Recommended Video

गाजियाबाद में शिप्रा रिवेरा सोसाइटी का है वीडियो
वीडियो गाजियाबाद में शिप्रा रिवेरा सोसाइटी का बताया जा रहा है। वीडियो के मुताबिक, महिला बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर रेलिंग पर खड़े होकर कांच की खिड़कियों को साफ कर रही है। सामने वाले फ्लैट में रहने वाली ऋतु ठाकुर नाम की एक महिला ने यह वीडियो बना लिया। इस दौरान ऋतु ने महिला को आवाज भी लगाई, लेकिन उसने आवाज नहीं सुनी और अपने काम में जुटी रही।

स्लिप हो सकता था महिला का पैर, हो सकता था बड़ा हादसा
वीडियो बनाने वाली महिला ऋतु के मुताबिक, महिला ने एक हाथ से खिड़की को पकड़ा हुआ था और दूसरे हाथ से वह कपड़ा लेकर कांच साफ कर रही थी। इस दौरान वह स्लिप हो सकती थी और बड़ा हादसा भी हो सकता था। ऋतु ने बताया कि जब महिला ने आवाज नहीं सुनी तो उन्होंने अपनी बेटी को उनके घर भेजा। हालांकि, तब तक महिला सफाई करके अंदर जा चुकी थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ट्वीटर पर कुछ यूजर्स ने इस वीडियो को गाजियाबाद पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस महिला की पहचान कर उसे हिदायत दी जाएगी, ताकि वह आगे से ऐसा न करे और कोई हादसा न हो।












Click it and Unblock the Notifications