Film Stars in Controversy: ऋचा चड्ढा ही नहीं ये सितारे भी दे चुके हैं विवादित बयान, कई खा चुके हैं जेल की हवा
Film Stars in Controversy: अपने 'Galwan says Hi' ट्वीट के लिए सोशल मीडिया पर ऋचा चड्ढा खूब ट्रोल हो रही है।
ऋचा के इस ट्वीट पर बॉलीवुड के भी कई कलाकारों ने नसीहत देते हुए इसे सेना का अपमान बताया तो कई कलाकारों ने चुप्पी ही साध ली। बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने इस ट्वीट पर कहा कि यह देखकर दुख होता है। हमें कभी भी अपने आर्म्ड फोर्सेज के प्रति इतना एहसान फरामोश नहीं होना चाहिए। वो हैं तो आज हम हैं।

इस पर कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि एक विदेशी से राष्ट्रवाद पर भाषण क्यों सुनें? वहीं इनसे दो कदम और आगे बढ़ते हुए पूर्व एक्ट्रेस और कांग्रेस नेता नगमा ने ऋचा का समर्थन ही कर दिया। जब वो ट्रोल हुई तो बैकफुट पर आ गई और कहा मैंने ऋचा चड्डा का समर्थन नहीं किया।
ऋचा के इस ट्वीट के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। यहां तक की मध्य प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इस पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि ऋचा के खिलाफ शिकायत मिली है। इसकी जांच करने के बाद एक्ट्रेस के खिलाफ एफआईआर की जाएगी।
आखिर क्या था ऋचा के उस ट्वीट में जिस पर मच गया बवाल
असल में उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 22 नवंबर को कहा था कि केंद्र सरकार अगर आदेश देती है तो वे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoJK) को वापस लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है। कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋचा ने ट्वीट किया और लिखा, 'Galwan says Hi'। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद ऋचा चड्ढा ने देश और सेना से माफी मांगते हुए अपने इस ट्वीट को डिलीट कर दिया। साथ ही अपने नाना और मामा के फौज में होने की भी बात कही।
गौर करने वाली बात है कि किसी बॉलीवुड कलाकार के द्वारा इस तरह का विवादित बयान पहली बार नहीं दिया गया है। दरअसल, इससे पहले भी कई बॉलीवुड कलाकार अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहे हैं। ऐसे कई बयानों की भरमार हैं जो बॉलीवुड के कलाकार बिना सोचे समझे देते हैं और बाद में किरकिरी होने पर माफी मांगते है। वैसे इन कलाकारों की लिस्ट तो बहुत ही लंबी है पर आज हम 10 वैसे कलाकारों के बारे में बताएंगे, जो अपने विवादित बयान को लेकर बुरे फंसे थे और कई तो जेल की हवा भी खा चुके हैं।
स्वरा भास्कर
बॉलीवुड की कंट्रोवर्सी क्वीन स्वरा भास्कर अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। वे भारतीय सेना को लेकर भी विवादित बयान दे चुकी है। एक बार उन्होंने भारतीय सेना को मॉब लिंचिंग और हॉरर किलिंग जैसे शब्दों के साथ टैग करते हुए सिलसिलेवार कई ट्वीट किए थे। स्वरा ने भारतीय सैनिकों को बेवकूफ तक कहा था। साथ ही उन्होंने कश्मीर में मेजर लीतुल गोगोई द्वारा एक पत्थरबाज को जीप के बोनट में बांधकर गांवों में घुमाने का जिक्र भी इस ट्वीट में किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर स्वरा को जमकर ट्रोल किया गया था।
जावेद अख्तर
मशहूर लेखक व गीतकार जावेद अख्तर ने एक बार एक इंटरव्यू के दौरान तालिबान और हिंदू अतिवादियों के एक समान होने का दावा किया था। जावेद अख्तर ने उस इंटरव्यू में आरएसएस (RSS) का नाम लिए बिना ही कहा था कि तालिबान एक इस्लामी देश चाहता है और यह लोग हिन्दू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया था और उनके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था।
वीर दास
अमेरिका में एक शो के दौरान बॉलीवुड अभिनेता और स्टैंडअप कॉमेडियन वीर दास ने तो हद ही कर दी थी। वीर दास ने कहा था कि मैं एक ऐसे भारत से आता हूँ, जहां दिन में औरतों की पूजा होती है और रात में उनके साथ बलात्कार होता है। उनकी इस बयान पर विवाद काफी बढ़ गया और उन्हें देश-विरोधी बताया जाने लगा। हालांकि, बाद में वीर दास को मांफी मांगनी पड़ गयी थी।
आमिर खान
बॉलीवुड के सबसे परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान भी इस लिस्ट में शामिल हैं। साल 2015 में आमिर खान ने असहिष्णुता को लेकर कहा था कि मुझे पहली बार इस देश में अपने बच्चों को लेकर डर लग रहा है। इस बयान के बाद आमिर खान विवादों में आ गए थे। बाद में उन्होंने भी इस पर सफाई देते हुए कहा कि मेरे कहने का ऐसा मतलब नहीं था।
नसीरुद्दीन शाह
बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार नसीरुद्दीन शाह भी अजब-गजब का बयान देने में माहिर हैं। उन्होंने हरिद्वार में हुई एक धर्म संसद को लेकर कहा था कि यह लोग मुसलमानों के नरसंहार का नहीं बल्कि देश में गृहयुद्ध का आह्वान कर रहे हैं। नसीरुद्दीन शाह की इस बयान के बाद उनकी काफी आलोचना हुई थी। केवल इतना ही नहीं उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
सलमान खान
अगर बॉलीवुड की कोई बात हो और सलमान खान उससे अछूता रह जाए, ऐसा हो नहीं सकता और विवादों से तो उनका पुराना नाता रहा है। फिल्म सुल्तान की शूटिंग के दौरान अपने शरीर के दर्द की बात करते हुए उन्होंने कहा था कि रिंग से बाहर निकलते हुए उन्हें ऐसा दर्द होता है जैसा किसी महिला के साथ रेप कर दिया हो। इसे लेकर सलमान खान की जबरदस्त किरकिरी हुई थी। बाद में उन्होंने भी माफी मांगकर बात को रफा-दफा किया।
फराह खान, रविना टंडन और भारती सिंह
कहते हैं कि फिल्म में थोड़ा मसाला न हो तो फिल्म में मजा नहीं आता है। ऐसे ही मसाले हैं यह कलाकार, जो जाने-अनजाने विवादित बयान दे देते हैं और फिर माफी मांगते हैं। साल 2019 में फराह खान, रवीना टंडन और भारती सिंह पर एक धार्मिक शब्द का मजाक उड़ाने पर केस दर्ज किया गया था। उन पर आरोप लगे थे कि उन्होंने एक विशेष शब्द का मजाक उड़ाते हुए लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
कमाल खान
बॉलीवुड के सबसे ज्यादा विवादित एक्टर कमाल आर खान हैं। जो अक्सर ही अपने विवादित बयानों के कारण निशाने पर आ जाते है। अपने बयानों की वजह से तो उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ी है। साल 2020 में कमाल खान पर दिवंगत अभिनेताओं - ऋषि कपूर और इरफान खान को लेकर खराब बातें बोलने के चलते एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके अलावा सलमान खान द्वारा भी उन पर मानहानि का केस भी दर्ज हो चुका है।
श्वेता तिवारी
टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी भी एक बार विवादित बयान देकर बुरी तरह फंस चुकी हैं। उन्होंने एक वेब सीरीज के प्रमोशन के इवेंट के दौरान अपनी ब्रा को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसकी निंदा होने लगी। उन्होंने कहा था मेरी ब्रा का साइज भगवान ले रहे। ब्रा के साइज को भगवान से जोड़ने पर कई लोगों ने एक्ट्रेस की आलोचना की और वो सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल की गईं।
मुनमुन दत्ता
फेमस टीवी सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में 'बबीताजी' का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता भी इस लिस्ट में शुमार हैं। एक बार मुनमुन दत्ता 'जातिसूचक' शब्द का इस्तेमाल करने पर मुसीबत में फंस गई थी। एक्ट्रेस के खिलाफ काफी विरोध प्रदर्शन हुआ था। वहीं उनकी गिरफ्तारी की अफवाहों ने भी जोर पकड़ा था।
यह भी पढ़ें: Tiger 3: सलमान खान 32 साल बाद इस एक्ट्रेस के साथ करेंगे स्क्रीन शेयर, 'टाइगर 3' में निभाएंगी ये किरदार












Click it and Unblock the Notifications