FIFA World Cup 2022 में पहली बार होंगी ये नयी बातें
FIFA World Cup 2022 यानि फुटबॉल का महाकुंभ 20 नवंबर को शुरू हो रहा है। इस बार फुटबॉल का वर्ल्ड कप कतर में खेला जाएगा और कुल 32 देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कतर, अरब क्षेत्र का पहला ऐसा देश है, जहां इस तरह का बड़ा इवेंट आयोजित किया जा रहा है।

इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ एसोसिएशन फुटबॉल (FIFA) इस बार वर्ल्ड कप में कई नई चीजें कर रहा है, जिसमें ऑफसाइड टेक्नोलॉजी, सब्सटिट्यूशन के लिए नए नियम बनाए गए हैं। हम आपको इस वर्ल्ड में होने वाली सभी नई चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अब से पहले किसी और फुटबॉल वर्ल्ड कप में आपने नहीं देखी हाेगीं।
ऑफसाइड टेक्नोलॉजी (Offside Technology)
फीफा की गवर्निंग बॉडी ने इस साल जुलाई में सेमी-ऑटोमेटेड ऑफसाइड सिस्टम की घोषणा की थी। इसकी मदद से इस वर्ल्ड कप में पहली बार एक्युरेट यानी सटीक और तेजी से ऑफसाइड कॉल लिया जा सकेगा।
फीफा गवर्निंग बॉडी के इस नए नियम के मुताबिक, एक खिलाड़ी ऑफसाइड पोजीशन में माना जाता है, अगर वह प्रतिद्वंदी टीम के हाफ में है और सिर, शरीर या पैर का कोई भी हिस्सा अन्य टीम के खिलाड़ियों की तुलना में प्रतिद्वंदी गोल रेखा के करीब है।
इस टेक्नोलॉजी के तहत बॉल में एक सेंसर और एक लिंब ट्रैकिंग कैमरा सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है, जो खिलाड़ियों की मूवमेंट को ट्रैक करता रहता है। यह टेक्नोलॉजी घर बैठे मैच देखने वाले दर्शकों और फैन्स को रेफरी के निर्णय को समझने में मदद करेगा। साथ ही, यह स्टेडियम की स्क्रीन पर 3D इमेज को प्रोजेक्ट करने में मदद करेगा।
फीफा द्वारा कतर में मैच खेले जाने वाले सभी आठों स्टेडियम के टॉप पर 12 कैमरे फिट किए जाएंगे, ताकि प्लेयर के मूवमेंट डेटा को रिकॉर्ड किया जा सकेगा और वीडियो असिस्टेंट रेफरी सिस्टम के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
सब्सटिट्यूशन्स का नियम (Substitutions)
इस साल फीफा की गवर्निंग बॉडी ने हर मैच के लिए पांच सब्सटिट्यूशन उपलब्ध कराने का फैसला लिया है। रूस में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप 2018 के मैचों में एक टीम द्वारा तीन सब्सटिट्यूशन्स लिए जाने का नियम था। 2020 में इंटरनेशनल फुटबॉल एसोसिएशन बोर्ड की गवर्निंग बॉडी ने यह फैसला लेते हुए कहा था कि कोरोना महामारी के बाद से फुटबॉल कम्युनिटी की तरफ से अतिरिक्त प्लेयर्स लिए जाने का सुझाव आया था।
इसके अलावा इस वर्ल्ड कप में खेले जाने वाला मैच अगर एक्सट्रा टाइम में जाता है तो एक एडिशनल सब्सटिट्यूशन लेने की अनुमति मिलेगी। FIFA गवर्निंग कमिटी द्वारा सब्सटिट्यूशन के इस नए नियम की घोषणा के बाद से कई फुटबॉल लीग जैसे कि स्पेन की ला लीग (La Liga) और अमेरिकी मेजर लीग सॉकर में इस नए नियम को लागू किया जा चुका है।
अतिरिक्त खिलाड़ी (Expanded Squad)
क्रिकेट की तरह ही फुटबॉल में भी यह नियम COVID-19 की वजह से लाया गया है, जहां टीमों को अपने साथ अतिरिक्त प्लेयर्स ले जाने की छूट मिलेगी। पिछले वर्ल्ड कप में एक टीम के साथ अधिकतम 23 खिलाड़ियों का नाम टीम में रखने की अनुमति थी। इस बार खेले जाने वर्ल्ड कप में एक देश अपनी टीम स्क्वाड में 26 प्लेयर्स को रख सकते हैं यानी पिछले वर्ल्ड कप के मुकाबले 3 ज्यादा प्लेयर्स रखे जाएंगे।
FIFA ने इस नियम के बारे में कहा कि कोरोना महामारी की वजह से स्क्वाड में ज्यादा खिलाड़ी रखने की अनुमति दी गई है। साथ ही, टीम के प्रीलिमिनरी स्क्वाड लिस्ट (प्रारंभिक सूची) में भी अब 35 की बजाय 55 खिलाड़ियों को रखा गया था।
महिला रेफरी
पहली बार किसी पुरुष फुटबॉल वर्ल्ड कप में महिला रेफरी को रखा गया है। कतर में होने वाले इस फुटबॉल वर्ल्ड कप में तीन महिला रेफरी को शामिल किया गया है। ये महिला रेफरी हैं फ्रांस की स्टीफेनी फ्रापट (Stephanie Frappart), जापान की योशिमी यामाशिता (Yoshimi Yamashita) और रवांडा की सलिमा मुकनसंगा (Salima Mukansanga) हैं। इस बार फीफा वर्ल्ड कप में कुल 36 रेफरी को शामिल किया गया है। ये सभी पहले भी पुरुष टूर्नामेंट UEFA सुपर कप और अफ्रीका कप ऑफ नेशन्स में रेफरी रह चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2022: क्रिकेट के बाजारवाद के चक्कर में भारत फुटबाल जैसे लोकप्रिय खेल में क्यों पिछड़ गया?












Click it and Unblock the Notifications