World Bank: नाम है वर्ल्ड बैंक, लेकिन नियंत्रण है अमरीका का
दूसरे विश्व युद्ध के बाद अमेरिका की पहल पर विश्व बैंक की स्थापना हुई। तब से लेकर आज तक विश्व बैंक का अध्यक्ष हमेशा अमरीका के राष्ट्रपति द्वारा नामित अमेरिकी नागरिक ही बनता आया है।

World Bank: विश्व बैंक का जब अध्यक्ष चुनना होता है, तो अमेरिकी राष्ट्रपति उसके चयन में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दरअसल, अमेरिका वर्ल्ड बैंक का सबसे बड़ा शेयरधारक एवं योगदानकर्ता देश है। गौरतलब है कि वर्ल्ड बैंक का मुख्यालय भी अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में स्थित है। अभी तक वर्ल्ड बैंक में 13 अध्यक्ष बने हैं। आइये जानते हैं इन सभी अध्यक्षों और उनके अमेरिकी संबंधों के बारे में।
पहले अध्यक्ष, यूजीन इसहाक मेयर
यूजीन इसहाक मेयर अमेरिकी राजनीति और सामाजिक जीवन में काफी प्रभावशाली नेता थे। वह 1933 से 1946 तक 'द वाशिंगटन पोस्ट' के प्रकाशक भी रहे। दूसरे विश्व युद्ध के बाद 1946 में स्थापित इंटरनेशनल बैंक फॉर रिकंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट (विश्व बैंक) का पहला अध्यक्ष यूजीन मेयर को बनाया गया। केवल छह महीने तक ही वह विश्व बैंक के अध्यक्ष बने रह पाए।
दूसरे अध्यक्ष, जॉन जे. मैकक्लोय
जॉन जे. मैकक्लोय ने केवल 27 महीनों (1947 से 1949) के लिए विश्व बैंक के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वे रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य थे और पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विंग में बेहद सक्रिय थे। विश्व बैंक के अध्यक्ष पद में रहते हुए उन्होंने बैंक के प्राथमिक कार्यों सहित कार्यकारी निदेशकों की भूमिकाओं को स्पष्ट किया।
तीसरे अध्यक्ष, यूजीन आर. ब्लैक
यूजीन आर. ब्लैक, विश्व बैंक के तीसरे और सबसे लंबे कार्यकाल यानी 13 वर्षों (1949 - 1962) तक अध्यक्ष रहे। ब्लैक ने अमेरिका के संस्थागत निवेशकों के लिए अपने बॉन्ड की स्वीकार्यता सुनिश्चित की। इससे पहले ब्लैक अमेरिकी नौसेना में कार्यरत थे और प्रथम विश्व युद्ध में भाग लिया था। 1933 में वह चेज नेशनल बैंक में उपाध्यक्ष बने।
चौथे अध्यक्ष, जॉर्ज डी. वुड्स
जॉर्ज डी. वुड्स का अध्यक्षीय कार्यकाल 1963-1968 तक रहा। इस बीच वुड्स ने ऋण वितरण जैसी योजना का विस्तार किया। विश्व बैंक से पहले वे फोर्ब्स एंड कंपनी में उपाध्यक्ष रहे। जब 1930 में चेस बैंक द्वारा फोर्ब्स एंड कंपनी का अधिग्रहण किया गया, तो वुड्स को नयी फर्म फर्स्ट बोस्टन कॉर्पोरेशन का भी उपाध्यक्ष बना दिया गया।
पांचवें अध्यक्ष, रॉबर्ट स्ट्रेंज मैकनमारा
रॉबर्ट स्ट्रेंज मैकनमारा, एक अमेरिकी व्यापारी थे और बाद में संयुक्त राज्य अमेरिका के आठवें रक्षा सचिव बने। 1960 में मैकनमारा को फोर्ड मोटर कंपनी का अध्यक्ष नामित किया गया। मैकनमारा 1968 से 1981 तक विश्व बैंक के अध्यक्ष बने। उन्होंने बुनियादी ढांचे, औद्योगीकरण और गरीबी कम करने की ओर बैंक का ध्यान केन्द्रित किया।
छठे अध्यक्ष, एल्डन विनशिप क्लॉसन
1981 से 1986 के बीच एल्डन विनशिप क्लॉसन वर्ल्ड बैंक के छठे अध्यक्ष बने। अपनी अध्यक्षता के दौरान उन्होंने मुक्त बाजार, पूंजी के निजी प्रवाह और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए कार्य किया। एल्डन क्लॉसन 1970 में बैंक ऑफ अमेरिका के अध्यक्ष और सीईओ बने। अपने कार्यकाल में बैंक ऑफ अमेरिका को इन्होने संयुक्त राज्य में सबसे अधिक लाभदायक बैंकों में से एक बना दिया।
सातवें अध्यक्ष, बार्बर कोनाबल
1986-1991 के बीच विश्व बैंक के सातवें अध्यक्ष के रूप में बार्बर कोनाबल ने अपने व्यापक राजनीतिक कौशल से बैंक में कई सुधार एजेंडे को आगे बढ़ाने का कार्य किया। साल 1962 में वे न्यूयॉर्क स्टेट सीनेट के रिपब्लिकन सदस्य और बाद में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में 11 वर्षों के लिए न्यूयॉर्क के प्रतिनिधि बने।
आठवें अध्यक्ष, लुईस प्रेस्टन
1991 से 1995 तक लुईस प्रेस्टन को विश्व बैंक समूह के आठवें अध्यक्ष के रूप में चुना गया। 1995 में अपनी मृत्यु तक वे विश्व बैंक के अध्यक्ष बने रहे। अध्यक्ष पद से पहले 1980 में प्रेस्टन को जेपी मॉर्गन एंड कंपनी का सीईओ नियुक्त किया गया था।
नौवें अध्यक्ष, जेम्स डी. वोल्फेंसन
विश्व बैंक के अध्यक्ष के रूप में 1995 से 2005 तक जेम्स डी. वोल्फेंसन ने बैंक के मुख्य उद्देश्यों, जैसे- वैश्विक गरीबी से लड़ना और दुनिया के गरीबों को बेहतर जीवन जीने में मदद करने पर अपना ध्यान केंद्रित किया। 1981 में उन्होंने अपनी निवेश फर्म, जेम्स डी. वोल्फेंसन इंक. बनायी। लंबे समय तक अमेरिका में कार्य करने के कारण 1980 में ही वोल्फेंसन ने ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता छोड़ अमेरिकी नागरिकता अपना ली थी।
दसवें अध्यक्ष, पॉल डी. वोल्फोवित्ज
विश्व बैंक के 10वें अध्यक्ष के रूप में पॉल डी. वोल्फोवित्ज ने 2005 से 2007 तक अपनी सेवाएं दी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अफ्रीका के समर्थन पर जोर दिया और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित किया। विश्व बैंक में आने से पहले वोल्फोवित्ज, अमेरिकी के स्टेट डिपार्टमेंट डायरेक्टर ऑफ पॉलिसी प्लानिंग (1981-1982), इंडोनेशिया में अमेरिकी (1986-1989) राजदूत और उप रक्षा सचिव (2001-2005) जैसे पदों पर रहें।
ग्यारहवें अध्यक्ष, रॉबर्ट जोलिक
रॉबर्ट जोलिक ने 2007 से 2012 तक विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल में 2008 से 2009 के अमेरिकी वित्तीय संकट पैदा हुआ था। रॉबर्ट जोलिक ने वित्तीय संकट से प्रभावित अमेरिका को आर्थिक आपातकाल से जूझने में मदद की। विश्व बैंक के अध्यक्ष बनने से पहले वे अमेरिकी सरकार में ट्रेजरी और राज्य विभागों में कार्यरत रहे। वे अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज एच. डब्ल्यू के साथ व्हाइट हाउस में भी कार्य कर चुके थे।
बारहवें अध्यक्ष, जिम योंग किम
जिम योंग किम 2012 में विश्व बैंक के 12वें अध्यक्ष बने। सितंबर 2016 में विश्व बैंक समूह ने सर्वसम्मति से किम को दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से अध्यक्ष पद के लिए नियुक्त किया। बता दें कि किम का जन्म साउथ कोरिया में हुआ था लेकिन उन्होंने ज्यादात्तर कार्य अमेरिका में ही किया था इसलिए उन्होंने अमेरिका की नागरिकता ले ली थी।
तेहरवें अध्यक्ष, डेविड माल्पस
Recommended Video

डेविड माल्पस को 2019 में विश्व बैंक समूह के 13वें अध्यक्ष के रूप में चुना गया था। उन्होंने अमेरिका के ट्रेजरी विभाग में सचिव के रूप में अंतरराष्ट्रीय मामलों में कार्य किया। वे वैश्विक वित्तीय संस्थानों के स्पष्ट आलोचक रहे हैं। उन्होंने उधार देने की प्रथाओं को 'भ्रष्ट और अप्रभावी' कहा था।
यह भी पढ़ें: World Bank President: कौन चुनता है विश्व बैंक का अध्यक्ष, भारतीय मूल के अमरीकी अजय बंगा नामित












Click it and Unblock the Notifications