Last Video: गांव के बच्चों की कॉपी चेक करते हुए मूसेवाला की वीडियो Viral, इमोशनल कर रहा ऋचा चड्ढा का कमेंट
मुंबई, 08 जून: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में कम समय में बड़ा नाम कमाने वाले फेमस सिंगर सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले में हथियारों से लैस बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बुधवार को सिंगर की अंतिम अरदास थी, जिसमें उनके पिता अपने बेटे को याद कर फूट-फूटकर रो पड़े। जब से सिद्धू मूसेवाला की हत्या की खबर सामने आई है, तब से सोशल मीडिया पर हर तरफ बस फैंस उनकी ही फोटो और वीडियो पोस्ट करके उनको याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रही है। अब एक ऐसी ही वीडियो सिंगर की इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसमें वो अपने गांव के बच्चों की कॉपी चेक कर रहे हैं, जिस पर बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने कुछ ऐसा कहा है, जिसको पढ़कर सिंगर के फैंस इमोशनल हो रहे हैं।

29 मई को हुई सिंगर मूसेवाला की हत्या
29 मई को सिंगर शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की मानसा जिले में उनके गांव के पास हत्या कर दी गई थी। 17 जून 1993 को जन्मे सिद्धू अपने नाम के पीछे मूसेवाला लगात थे, जो उनका मूसा गांव से जुड़ा हुआ था। बदमाशों ने सिंगर को 20 से ज्यादा गोलियां मारी, जिसके बाद पूरे देश सहित विदेशों तक फैले उनके फैंस में शोक की लहर दौड़ गई। अब सोशल मीडिया पर उनकी एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें बताया गया है कि वो उनकी मौत से कुछ दिन पहले की है, जिसमें वो गांव के बच्चों की कॉपी चेक कर रहे हैं।

गांव के बच्चों की कॉपी चेक कर रहे मूसेवाला
वीडियो में देखा जा सकता है कि सिद्धू अपने घर पर है, जहां गांव के तीन बच्चों के अलावा उनके पिता और दोस्त साथ मौजूद हैं। सिद्धू जमीन पर बच्चों के साथ बैठे नजर आ रहे हैं। और उनकी नोटबुक चेक कर रहे हैं। मूसेवाला बच्चों की वर्णमाला की कॉपी देख रहे हैं। इतना ही नहीं कॉपी चेक करने के बाद बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए उनको पैसे भी दे रहे हैं। (खबर के अंत में Video)

'लेजेंड्स कभी नहीं मरते हैं'
इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके फैंस काफी मायूस नजर आ रहे हैं। एक यूजर ने इस शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "सिद्धू अपने गांव के बच्चों के वर्णमाला देख रहे हैं... पता नहीं क्या कोई और सितारा है जो इतना प्यारा और सच्चा है। वहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने इस वीडियो को रीट्वीट करते हुए लिखा कि आज सुबह मनसा की हर फोटो मेरे दिल को लाखों टुकड़ों में तोड़ रही है। शायद केवल पंजाबी ही इसे समझेंगे। लेजेंड्स कभी नहीं मरते हैं। इसी के साथ उन्होंने #JusticeForSidhuMoosaWala टैग लगाया।

अंतिम अरदास में उमड़ा जनसैलाब
आपको बता दें कि बुधवार को सिद्धू मूसेवाला के गांव में उनकी अंतिम अरदास सभा थी। जिसमें पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान उनके फैंस ने मूसेवाला की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी, साथ ही कई लोगों ने 'मूसेवाला अमर रहे' वाले पोस्टर भी हाथ में लिए हुए थे। इतना ही नहीं कई बच्चे मूसेवाला के स्टाइल वाले कपड़ों में थे। इस दौरान मूसेवाला के पिता अपने बेटे को याद कर बुरी तरह से टूट गए। अंतिम अरदास की फोटो और वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications