दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने छोड़ी AAP, केजरीवाल को भेजा नाराजगी भरा लेटर, पढ़िए क्या लिखा
Kailash Gehlot Resignation: दिल्ली के परिवहन मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता कैलाश गहलोत ने अचानक पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। यह घटनाक्रम दिल्ली की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। गहलोत ने इस्तीफा देने के बाद पार्टी और अपने समर्थकों के लिए एक संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने अपने फैसले के कारणों का खुलासा किया। हालांकि, इस्तीफे की वजह अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन इस घटनाक्रम ने दिल्ली की राजनीति में हलचल मचा दी है।
आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका
कैलाश गहलोत का इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वे दिल्ली सरकार में एक महत्वपूर्ण पद पर थे और उनके पास परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी थी। गहलोत के इस्तीफे के बाद पार्टी की रणनीतियों और आगामी चुनावों पर असर पड़ सकता है। इस घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पार्टी समर्थकों और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच इस फैसले को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

यह भी पढ़ें RBI हेल्पलाइन पर बम धमकी, गाना गाकर खुद को बताया लश्कर-ए-तैयबा का सीईओ, एक्शन में पुलिस
गहलोत का इस्तीफा और पत्र में उठाए गंभीर सवाल
कैलाश गहलोत ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को एक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा, "शीशमहल जैसे कई शर्मनाक और अजीबोगरीब विवाद अब सभी को संदेह में डाल रहे हैं कि क्या हम अब भी 'आम आदमी' होने में विश्वास करते हैं।
उन्होंने आगे लिकः कि अब यह स्पष्ट है कि अगर दिल्ली सरकार अपना अधिकांश समय केंद्र से लड़ने में बिताती है, तो दिल्ली के लिए वास्तविक प्रगति नहीं हो सकती। मेरे पास आप से अलग होने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है और इसलिए मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।"
बहरहाल गहलोत के इस्तीफे ने दिल्ली की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है, और अब यह देखना होगा कि आम आदमी पार्टी इस स्थिति से कैसे निपटती है।
इस्तीफे पर क्या बोली भाजपा?
दिल्ली सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता कैलाश गहलोत के इस्तीफे के बाद, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "कैलाश गहलोत ने अरविंद केजरीवाल को आईना दिखाया है और उनसे यह कहा है कि वह अरविंद केजरीवाल और उनके 'लुटेरा' गिरोह का हिस्सा नहीं बनना चाहते।"
सचदेवा ने आगे कहा, "कैलाश गहलोत ने एक साहसिक कदम उठाया है, जो कि न केवल दिल्ली की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ है, बल्कि इस फैसले से यह भी स्पष्ट हो गया है कि आम आदमी पार्टी के अंदर अब असंतोष की लहर बढ़ गई है। हम कैलाश गहलोत के इस निर्णय की सराहना करते हैं, क्योंकि उन्होंने सच्चाई का साथ दिया और पार्टी के भीतर हो रहे अनैतिक कार्यों को उजागर किया।"
कैलाश गहलोत की राजनीतिक यात्रा और उपलब्धियां
कैलाश गहलोत दिल्ली के नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इस बार उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार अजित सिंह खरखरी को हराकर जीत हासिल की थी। पिछली सरकार में गहलोत ने परिवहन और पर्यावरण मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके प्रयासों से दिल्ली के वायु प्रदूषण में 25 फीसदी की कमी आई थी। इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली की बसों में महिलाओं के मुफ्त यात्रा की योजना भी लागू की थी।
यह भी पढ़ें Richa Chadha:नवजातों की मौत और दिल्ली के प्रदूषण पर सवाल, अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने सरकार को घेरा












Click it and Unblock the Notifications