Delhi Today: रेखा गुप्ता का एक्शन प्लान, दिल्ली को मिलेगी गर्मी से राहत! फिर शुरू होगी ग्रांट योजना, पढ़े अपडेट
Delhi Today: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में बीजेपी की जीत को देशभर में खुशी की लहर बताया और तिरंगे के सम्मान व जनसेवा को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहराया। गर्मी से राहत के लिए 'दिल्ली जलदूत योजना' के तहत 1,525 बस स्टॉप पर जलदूत तैनात किए जाएंगे और 25 स्थानों पर वाटर कूलर भी लगाए जाएंगे।
इसके साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों और उनकी संस्थाओं के लिए बंद की गई ग्रांट योजना को दोबारा शुरू किया गया है। स्कूलों में बम धमकियों से निपटने के लिए शिक्षा विभाग ने चार-स्तरीय नई एसओपी भी लागू की है, जिसमें CCTV, मॉक ड्रिल और सख्त निगरानी का प्रावधान है।

देशभक्ति का संदेश देते हुए बोले सीएम गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को 'सामाजिक समरसता सम्मेलन' में कहा कि बीजेपी की जीत ने पूरे देश में खुशी की लहर ला दी है। उन्होंने कहा, "हमारे लिए तिरंगा ही सब कुछ है। जब भी देश को हमारी ज़रूरत होगी, हम सब एक साथ खड़े होंगे।" उन्होंने वादा किया कि दिल्ली सरकार तिरंगे और देश की शान के लिए हमेशा काम करती रहेगी।
ये भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर पर घमासान! राहुल गांधी के आरोपों पर सेना ने किया साफ, 'पाक को पहले नहीं, बाद में दी गई जानकारी'
27 साल का सूखा टूटा, अब बरसात का समय
गुप्ता ने कहा कि बीजेपी की दिल्ली में 27 साल बाद वापसी सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि जनसमर्थन का परिणाम है। उन्होंने इसे "27 साल के सूखे के बाद मूसलधार बारिश" की तरह बताया।
जलदूत योजना से गर्मी में राहत
दिल्ली सरकार ने तेज गर्मी से लोगों को राहत देने के लिए 'दिल्ली जलदूत योजना' शुरू की है। इसके तहत राजधानी के करीब 1,525 बस स्टॉप पर जलदूत तैनात किए जाएंगे, जो यात्रियों को ठंडा और साफ पानी मुहैया कराएंगे। हर जलदूत के पास पानी रखने का बड़ा कंटेनर होगा।
जल कूलर भी लगाए जाएंगे
इस योजना के साथ-साथ 25 स्थानों पर जल कूलर लगाने की तैयारी भी की जा रही है। शुरुआत में यह एक पायलट प्रोजेक्ट होगा, जिसके लिए ई-टेंडर जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा 25 बस डिपो पर भी पानी की व्यवस्था की जाएगी।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए फिर शुरू होगी ग्रांट योजना
शनिवार को शालीमार बाग में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम गुप्ता ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए बंद की गई ग्रांट योजना को फिर से शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार ने यह योजना बंद कर दी थी और बुजुर्गों को पांच साल तक पैसा नहीं मिला।
स्कूलों में बम धमकी से निपटने के लिए नया SOP
दिल्ली सरकार ने स्कूलों में बम धमकियों से निपटने के लिए नया SOP (मानक संचालन प्रक्रिया) जारी किया है। इसमें सीसीटीवी कैमरे लगाना, निकासी योजना बनाना, नियमित सुरक्षा ऑडिट और मॉक ड्रिल जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
झूठी धमकियों पर सख्त कार्रवाई
सरकार ने स्पष्ट किया है कि झूठी धमकी देने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वो छात्र हों, अभिभावक हों या स्कूल स्टाफ। सभी स्कूलों को हर महीने सुरक्षा चेकलिस्ट अपने जिला कार्यालय को सौंपनी होगी।
ये भी पढ़ें: Weather News: दिल्ली में आज बारिश से राहत? जानें कहां चलेगी लू? UP से लेकर सिक्किम तक जानें कैसा रहेगा मौसम?












Click it and Unblock the Notifications