दिल्ली: प्रदूषण के खिलाफ डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की अपील, 'कम से कम एक दिन साइकिल-बस से करें यात्रा'
नई दिल्ली, 14 नवंबर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को भी हवा का स्तर काफी खराब रहा, सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक एयर क्वालिटी इंडेक्स 386 दर्ज किया गया जो गंभीर श्रेणी में आता है। इस बीच दिल्ली में लॉकडाउन लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। आज एक कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा कि प्रदूषण को कम करने के लिए नियम और कानून बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सरकार की है। उसके बाद औद्योगिक क्षेत्र और हमारी जिम्मेदारी है।

दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने 'राहगीरी कार्यक्रम' के तहत पटपड़गंज के पश्चिम विनोद नगर में साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने खुद भी लंबी दूरी तक साइकिल चलाई और प्रदूषण के खिलाफ लोगों को जागरुक किया। मंच से अपने संबोधन में मनीष सिसोदिया ने कहा, 'हम 'राहगिरी' को दिल्ली के कोने-कोने तक ले जा रहे हैं। शुरुआत में इसे 6 हफ्ते में 6 जगहों पर आयोजित किया जाएगा। यह नागरिकों की ओर से प्रदूषण कम करने का संदेश है।'
यह भी पढ़ें: दिल्ली के प्रदूषण के लिए अकेले पराली नहीं है जिम्मेदार, इन बड़े बदलावों ने घोंटा राजधानी का दम
डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने आगे कहा, 'प्रदूषण को कम करने के लिए हमें अपनी जिम्मेदारियों को समझना होगा, कम से कम एक दिन साइकिल या बस से यात्रा करने की आदत डालें।' आपको बता दें कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों ने सुबह 9 बजे आनंद विहार में 468, आईटीओ में 484, आरके पुरम में 433 और श्री अरबिंदो में 452 एक्यूआई दर्ज किया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 को 'मध्यम', 201 और 300 को 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' माना जाता है, फिर 401 और 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications