कबीर पंथ के धर्मगुरु प्रकाशमुनि साहेब के घर अतिक्रमण का मामला गरमाया,भाजपा के दिग्गज नेताओं ने संभाला मोर्चा
Chhattisgarh , kabeer das , prakash muni saheb , bjp , Raipurप्रकाशमुनि साहेब , कबीरदास , भाजपा , रायपुर ,छत्तीसगढ़
रायपुर, 2 फरवरी। कबीर पंथ के धर्मगुरु प्रकाशमुनि साहेब के घर में कांग्रेस नेता की तरफ से किए गए अतिक्रमण के मामले को भाजपा ने बड़ा मुद्दा बना लिया है और इसके लिए बकायदा भाजपा के 3 दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस पर हमला बोलने के लिए मोर्चा भी संभाल लिया है। इस प्रकार भाजपा, कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए कबीरपंथियों को साधने में जुट गई है।

भाजपा नेताओं ने किया प्रकाशमुनि के आश्रम का निरीक्षण
पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अजय चंद्राकर और विधायक शिवरतन शर्मा ने कबीर पंथ के संत प्रकाशमुनि नाम साहेब रायपुर स्थित कबीर आश्रम और उससे लगे हुए विवादित भवन मामले में त्रिमूर्ति की तरह मोर्चा संभाल लिया है। भाजपा नेताओं ने आश्रम के निरीक्षण के दौरान विवादित भवन में कई स्तरों पर अवैध अतिक्रमण पाया है। इसी आधार पर भाजपा अब कांग्रेस नेता और रायपुर महापौर एजाज ढेबर और उनके परिवार से सम्बंधित कांग्रेस नेताओं पर खुलकर हमला बोल रही है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राज्य में भूपेश सरकार के संरक्षण में अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। सत्ता के संरक्षण में बड़े लोगों के इस अवैध निर्माण पर प्रशासन मौन है। पहले कांग्रेस आम आदमी की जमीने हड़पते थे, अब संतों की जमीन भी गुंडागर्दी से छीनने की कोशिश कर रहे हैं। यह अराजकता की स्थिति है, लगता है सरकार ने अपने समर्थन में कांग्रेसी नेताओं को अवैध निर्माण की खुली छूट दे दी है। वहीं विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि नादिर शाह ने दिल्ली में इतिहास की सबसे बड़ी लूट की थी, उससे भी बड़ी लूट छत्तीसगढ़ में और रायपुर शहर में चल रही है।

भाजपा नेताओं ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
राहुल गांधी के रायपुर दौरे के ठीक एक दिन पहले भाजपा के चार वरिष्ठ नेताओं बृजमोहन अग्रवाल, अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा और नारायण चंदेल ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के लिए छत्तीसगढ़ में जमीन पर कब्जा करना आम बात हो गई है और आम लोग कांग्रेसियों की गुंडागर्दी से परेशान हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से हमारा सवाल है कि क्या वह अपने नेता राहुल गांधी को इन सब जगह पर ले जाकर दिखाएंगे। वरिष्ठ भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा ने राज्य सरकार पर जमीन के अवैध कब्जों को संरक्षण देने बड़े आरोप लगाते हुए कहा कि आरंग में 22 एकड़ भूमि पर अवैध कॉलोनी का बनाई जा रही है। मामले को दबाने के लिए तहसीलदार, पटवारी को जमीनें तोहफे में दी गई हैं। शर्मा ने इस मामले पर जांच कराने की मांग भी की।

महात्मा गांधी के नाम पर सियासत चमका रही है कांग्रेस: अजय चंद्राकर
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि बघेल सरकार की तरफ से राजीव गांधी और महात्मा गांधी के नाम पर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश की जा रही है, नियमो को ताक पर रख कर प्रदेश में जमीनों पर कांग्रेस के संरक्षण में कब्जा हो रहा है। चंद्राकर ने कहा कि भाजपा प्रकाशमुनि साहेब को बधाई देती है, उन्होंने मामले को सामने लाया, कबीरपंथ के अनुयायी सड़कों पर उतरेंगे तो कानून व्यवस्था को संभालना मुश्किल होगा।

क्या है मामला?
दरअसल राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित कबीरपंथ के संत श्री प्रकाशमुनि साहब और एक निर्माणाधीन भवन के बीच एक गली थी, इस सड़क पर एक प्रभावशाली कांग्रेस नेता का नया घर प्रकाश मुनि साहब के घर के बेहद करीब आ गया है। बताया जा रहा है, इसी आधार पर प्रकाश मुनि के आवास के एक हिस्से में कब्जा कर लिया गया है। जमीन पर कब्जे का प्रयास और छज्जा निर्माण को लेकर विवाद बढ़ने पर प्रकाश मुनि समर्थकों ने रायपुर के महापौर और कांग्रेस नेता एजाज ढ़ेबर परिवार के खिलाफ अवैध निर्माण की सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें राहुल गांधी करेंगे सेवाग्राम का शिलान्यास,जानिए छत्तीसगढ़ में सेवाग्राम और गांधी के सियासी मायने












Click it and Unblock the Notifications