IPL Bihar Team: 'मुंबई-चेन्नई की तरह बिहार की भी होगी अपनी आईपीएल टीम', उद्योगपति अनिल अग्रवाल का बड़ा ऐलान?
IPL Bihar Team: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में बिहार के खिलाड़ियों का बोलबाला देखने को मिल रहा है। ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के अलावा मुकेश कुमार, साकिब हुसैन और अनकूल रॉय जैसे खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से फैंस का दिल जीतने में सफलता हासिल की है। फैंस कुछ दिनों से बिहार की आईपीएल में अलग टीम लाने की मांग कर रहे हैं। इस मांग को अब कॉर्पोरेट जगत का भी बड़ा साथ मिल गया है।
अनिल अग्रवाल ने किया बिहार का समर्थन (IPL Bihar Team)
देश के दिग्गज उद्योगपति और वेदांता ग्रुप (Vedanta Group) के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने इस प्रस्ताव का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि दुनिया की इस सबसे बड़ी टी20 लीग में बिहार अपनी खुद की टीम का हकदार है। अग्रवाल ने बिहार की समृद्ध खेल प्रतिभाओं का हवाला देते हुए कहा कि अगर राज्य को अपनी टीम मिलती है, तो वह बेहद प्रतिस्पर्धी साबित होगी।

ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी हैं बिहार टैलेंट की मिसाल
अनिल अग्रवाल ने बिहार के उभरते हुए क्रिकेटर्स की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन और हाल ही में सुर्खियों में आए युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी इस नई टीम की रीढ़ की हड्डी बन सकते हैं। बिहार की मिट्टी ने हमेशा देश को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन राज्य के पास अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी न होने के कारण यहां के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अक्सर दूसरे राज्यों या टीमों का प्रतिनिधित्व करना पड़ता है।
फैंस के बीच छिड़ी बहस
अग्रवाल के इस बयान ने खेल जगत और सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है। खेल विश्लेषकों का मानना है कि बिहार जैसे बड़े और क्रिकेट के प्रति जुनूनी राज्य में एक नई फ्रेंचाइजी के आने से न केवल वहां के स्थानीय युवाओं को वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा, बल्कि आईपीएल को एक नया और बड़ा बाजार भी हासिल होगा।
भविष्य में विस्तार की संभावना
हालांकि, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल या भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से फिलहाल लीग में टीमों की संख्या बढ़ाने या किसी नए शहर को शामिल करने की कोई आधिकारिक योजना सामने नहीं आई है। आईपीएल में वर्तमान में 10 टीमें खेल रही हैं। इसके बावजूद अनिल अग्रवाल जैसे हाई-प्रोफाइल बिजनेस लीडर का यह समर्थन आने वाले समय में बोर्ड पर रणनीतिक दबाव बना सकता है, जिससे आगामी सीजन में नए शहरों के विस्तार के दौरान बिहार के दावे को मजबूती मिलेगी।















Click it and Unblock the Notifications