CG: अबूझमाड़ में नया सुरक्षा कैंप खुला, नक्सली भागे, 20 साल बाद गांव लौटे ग्रामीण
Sonpur Security Camp Abujhmad: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। 25 अक्टूबर को अबूझमाड़ के सोनपुर में एक नया सुरक्षा कैंप खोला गया है, जिससे क्षेत्र में नक्सल ऑपरेशन को और तेज़ी मिलेगी। नारायणपुर का अबूझमाड़ इलाका कई वर्षों से नक्सलियों का गढ़ रहा है, लेकिन अब सुरक्षाबलों की लगातार प्रयासों से नक्सलवाद की जड़ें कमजोर हो रही हैं। लोगों में सुरक्षाबलों की सफलता पर विश्वास बढ़ा है कि वे जल्द ही नक्सलवाद के दंश से मुक्त हो सकेंगे।
जन सुविधा कैंप के रूप में होगा काम
इस कैंप का उद्घाटन नारायणपुर पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर, बीएसएफ की 133 और 135वीं वाहिनी के सहयोग से हुआ। इस कैंप के माध्यम से न केवल सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाएगा, बल्कि यह जन सुविधा कैंप के रूप में भी कार्य करेगा। इसके तहत सड़क निर्माण में सुरक्षा प्रदान करने का लक्ष्य है, जो सोनपुर, ढोढरीबेड़ा, मसपुर और होरादी गारपा से होते हुए सितरम तक फैला होगा।

20 साल बाद लौटे ग्रामीण
इस कैंप के खुलने के बाद, गारपा के ग्रामीण 20 साल के बाद फिर से अपने गांव लौट पाए हैं। साल 2003-04 में नक्सलियों ने उन्हें यहां से खदेड़ दिया था। अब, नए सुरक्षा कैंप के चलते गांव वाले गायत्री मंदिर में पूजा-पाठ करने के लिए लौट आए हैं, जिससे उनके बीच आशा की एक नई किरण जागी है। यहां जल्द ही सड़क निर्माण शुरू होगा, जिससे परिवहन सेवाओं की भी शुरुआत होगी। नियद नेल्लानार योजना के तहत गारपा में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। इस कैंप के खुलने से क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सघन नक्सल विरोधी अभियान को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीण अब भयमुक्त जीवन जी सकेंगे।

सड़क खोले जाने की उम्मीद
कोण्डागांव नारायणपुर को सोनपुर होते हुए सितरम तक जोड़ने वाली सड़क, जो पिछले 30 वर्षों से बंद थी, अब फिर से खुलने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने कहा कि इससे न केवल उनके जीवन में सुधार होगा, बल्कि यह क्षेत्र में आर्थिक विकास के लिए भी मददगार साबित होगा।
नक्सल विरोधी अभियान में तेजी
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ में ही 4 अक्टूबर को मुठभेड़ में पुलिस ने 38 नक्सलियों को मार गिराया था। इसे अब तक सबसे सफल एंटी नक्सल ऑपरेशन माना है।

बहरहाल यह कैंप मानसून के बाद खोला गया दूसरा कैंप है। इससे पहले 6 अक्टूबर को होरादी में कैंप खोला गया था। गारपा में कैंप की शुरुआत के मौके पर नारायणपुर के एसपी प्रभात कुमार और एसडीएम वासु जैन ने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि स्कूल, पंचायत भवन, और अस्पताल भवन को जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा।
यह भी पढ़ें Diwali 2024: बस्तर में आदिवासी नहीं मनाते दीपावली, दियारी तिहार मनाने की है परंपरा, पढ़िए रोचक तथ्य












Click it and Unblock the Notifications