प्रियंका,सिब्बल,चिदंबरम भी हैं छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सीट की दौड़ में शामिल, महंत पहले ही जता चुके हैं इच्छा
रायपुर,02 मार्च। छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों के लिए जून में चुनाव होना है। कांग्रेस की तरफ से इन सीटों में एक स्थानीय नेता और दूसरी राष्ट्रीय नेता के लिए आरक्षित किये जाने के आसार बन रहे हैं। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डा. चरणदास महंत ने पहले ही राज्यसभा के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है,जिसके बाद बाकी के स्थानीय नेताओं की नजर दूसरी सीट पर थी। लेकिन अब आसार बन रहे हैं कि कांग्रेस आलाकमान एक सीट केंद्रीय नेताओ के लिए आरक्षित रखना चाहती हैं।सूत्रों की माने तो छत्तीसगढ़ राज्यसभा सांसद बनने वाले नेताओ में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ,पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल और पी. चिदंबरम के नामों की भी चर्चा है।

प्रियंका गांधी ,कपिल सिब्बल , पी. चिदंबरम के नामों की चर्चा
सूत्रों की माने तो छत्तीसगढ़ राज्यसभा की दो सीटों में लोकल नेताओ में डॉ. चरणदास महंत , टी एस सिंहदेव , ताम्रध्वज साहू ,राजेश तिवारी , धनेन्द्र साहू का नाम प्रमुख है। वहीं केंद्रीय नेताओं में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ,कपिल सिब्बल , पी. चिदंबरम के नामों की चर्चा है।
खास बात यह है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत के राज्यसभा जाने की इच्छा जताने के बाद एक सीट पर उनकी दावेदारी सबसे अधिक मजबूत हो गई। वही दूसरी सीट के लिए प्रियंका गांधी का नाम काफी चर्चा में है,गौरतलब है कि पिछली बार राज्यसभा सांसदों के चुनाव के समय बस्तर की आदिवासी नेत्री फूलोदेवी नेताम और केंद्रीय नेता केटीएस तुलसी को चुना गया था। जबकि उस समय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इच्छा जताई थी कि प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद बनें,लेकिन उत्तर प्रदेश चुनाव के कारण यह संयोग नहीं बन पाया।
इस बात के भरपूर आसार हैं कि कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी उन्ही नामों पर अपनी मुहर लगाएंगी,जिनकी सिफारिश मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। गौरतलब है कि सीएम भूपेश बघेल ने बीते 3 सालों में खुद को राष्ट्रीय राजनीती में बेहद ही पुख्ता तरीके से स्थापित किया है। पार्टी ने उन्हें असम और उत्तर प्रदेश चुनाव में अहम् जिम्मेदारी दी थी। भूपेश बघेल यूपी विधानसभा चुनाव में भी बेहद सक्रिय हैं और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कदम से कदम मिलकर काम कर रहे हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी के सबसे करीबी कांग्रेस नेताओं के तौर पर भी उनकी पहचान स्थापित हो गई है।

दोनों सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार का जाना तय
गौरतलब है कि जून 2022 में कांग्रेस की छाया वर्मा और बीजेपी के रामविचार नेताम राज्यसभा सांसद के तौर पर कार्यकाल अपना कार्यकाल पूरा करने वाले हैं । छत्तीसगढ़ विधानसभा में सदस्यों की संख्या के आधार पर इन दोनों सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार का जाना तय है। बहरहाल इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि इस बार एक सीट से छत्तीसगढ़ का कोई ओबीसी नेता ,दूसरी पर दिल्ली से तय किया गया कोई राष्ट्रीय नेता राज्यसभा पहुंचेगा।

नामांकन दाखिल करवाएगी भाजपा
छत्तीसगढ़ विधानसभा में बेहद ही कम विधायक होने के कारण भाजपा की दावेदारी लगभग शून्य ही है,लेकिन परम्पराओं को निभाते हुए पार्टी किसी नेता से जरूर नामांकन दाखिल करवाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी 4 मार्च को छत्तीसगढ़ भाजपा कोर कमेटी की बैठक में इस प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी।
यह भी पढ़ें NIA को लगा बिलासपुर हाईकोर्ट से झटका, झीरमघाटी कांड की जांच कराने छत्तीसगढ़ सरकार हुई स्वतंत्र
यह भी पढ़ें महाशिवरात्रि 2022: बढ़ते जा रहा है लिंगेश्वर महादेव शिवलिंग, स्वयं भगवान श्रीराम ने किया था स्थापित












Click it and Unblock the Notifications