छत्तीसगढ़ से पुराना है CD कांड का नाता, जानिए रोचक सियासी इतिहास
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से पहले एक बार फिर प्रमोद और कांग्रेस की पेन ड्राइव की चर्चा हो रही है। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने अपने डिजिटल प्रचार के लिए वीडियो सीरीज जारी किया है। इसमें अमेजॉन की वर्ल्ड फ़ेमस वेब सीरीज़ पंचायत के कलाकार के साथ शूट किया गया है। यह सीरीज़ प्रसिद्ध संवाद "देख रहा है विनोद" डायलॉग पर आधारित है। इधर इस वीडियो लांच से पहले चर्चा रही कि आखिर प्रमोद कौन है। बहरहाल यह पहला मामला नहीं है,जब छत्तीसगढ़ में किसी ऑडियो या वीडियो क्लिप ने खलबली मचाई हो। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान सीडी कांड,टेप कांड और खरीदी फरोख्त कांड चर्चा हमेशा रही है।

आज भी लोगो की जुबान पर है अंतागढ़ टेप कांड
छत्तीसगढ़ की राजनीती में अंतागढ़ सीडी कांड की भी खूब चर्चा रही है। ज्ञात हो कि 12 सितंबर, 2014 को अंतागढ़ में उपचुनाव कराया गया था। इस उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मंतूराम पवार ने अचानक ही चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी थी। इस घटना के होने के लगभग सवा साल बाद दिसंबर 2015 में इस मामले में खरीद-फरोख्त का खुलासा करने वाला टेप सामने आया था। इस मामले को ही अंतागढ़ टेप कांड के नाम से जाना जाता है। अंतागढ़ टेप कांड में राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री अजित जोगी और उनके बेटे अमित जोगी के अलावा भाजपा नेता राजेश मूणत, मंतूराम पवार और पूर्व सीएम रमन सिंह के दामाद पुनीत गुप्ता का भी नाम सामने आया था ।
पुराना है छत्तीसगढ़ से CD कांड का नाता, दिलीप सिंह जूदेव का करियर हुआ था तबाह
छत्तीसगढ़ चुनाव से ठीक पहले स्टिंग ऑपरेशन जारी होने का चलन पुराना है। साल 2003 के विधानसभा चुनाव के ठीक पहले दिवंगत हो चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप सिंह जूदेव का एक स्टिंग ऑपरेशन जारी हुआ था। इस वीडियों में दिलीप सिंह जूदेव को रिश्वत लेते दिखाया गया था। दिलीप सिंह जूदेव भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री पद प्रबल दावेदार थे,लेकिन इस सीडी के आने के बाद उनका राजनीतिक करियर दांव पर लग गया। हालांकि इस मामलें में दिलीप सिंह जूदेव 12 साल बाद CBI की अदालत से बरी भी हो गए थे।
पूर्व सीएम अजीत जोगी पर लगे थे विधायक खरीद फरोख्त के आरोप
छत्तीसगढ़ में साल 2003 में बीजेपी सरकार बनाने की तैयारी कर रही थी। उस समय कांग्रेस सरकार की चुनावों में पराजय हुई थी। बताया जाता है कि इसी दौरान बीजेपी के विधायकों को तोड़ने की कोशिश में तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी का नाम सामने आया था। हालांकि विधायक खरीद-फरोख्त के इस मामले में अजीत जोगी को सीबीआई अदालत से आगे चलकर बरी कर दिया था।
राजेश मूणत से जुडी सीडी ने मचाया था हल्ला
छत्तीसगढ़ में पिछले 2018 के चुनाव से एक साल पूर्व अक्टूबर 2017 को कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत का एक कथित अश्लील वीडियों सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था। इस वीडियों की लगभग 500 सीडी वर्तमान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सलाहकार विनोद वर्मा के ठिकानें से जप्त की गई थी। इस मामले में तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल और विनोद वर्मा को गिरफ्तारी भी की गई थी। यह मामला सीबीआई के जाँच के दायरे में है।












Click it and Unblock the Notifications