छत्तीसगढ़ में 33 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का PM ने किया उद्घाटन, गरीबों के घर का सपना भी किया पूरा
Chhattisgarh News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 30 मार्च को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने 33,700 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज पहला नवरात्रि है और छत्तीसगढ़ तो माता महामाया की धरती है। यह माता कौशल्या का मायका भी है।
ऐसे में मातृशक्ति को समर्पित ये नौ दिन छत्तीसगढ़ के लिए बहुत विशेष रहते हैं और मेरा सौभाग्य है कि नवरात्रि के पहले दिन ही मैं यहां पहुंचा हूं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज जो परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया है...वो गरीबों के घर, स्कूल, रोड, रेल, बिजली, गैस की पाइपलाइनये के प्रोजेक्ट्स है।

इस दौरान पीएम मोदी ने मंच से बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों के लिए पक्का घर बनाने का सपना पिछली सरकार ने फाइलों में ही दबाए रखा, और फिर हमने गारंटी दी थी कि हमारी सरकार इस सपने को पूरा करेगी। इसलिए जैसे ही विष्णुदेव जी की सरकार बनी, पहली कैबिनेट में 18 लाख घर बनाने का फैसला लिया गया।
आज उसमें से 3 लाख घर बनकर तैयार हो चुके हैं। मुझे इस बात की भी खुशी है कि इनमें से कई घर हमारे आदिवासी इलाकों में बने हैं। बस्तर और सरगुजा के भी कई परिवारों को अपना पक्का घर मिलेगा। पीएम ने कहा कि आज नवरात्रि के शुभ दिन नववर्ष पर छत्तीसगढ़ के 3 लाख गरीब परिवार अपने नए घर में गृह प्रवेश कर रहे हैं।
मैं इन सभी परिवारों को एक नए जीवन के लिए बहुत शुभकामनाएं देता हूं। इन गरीब परिवारों के सिर पर पक्की छत आप सभी की वजह से ही संभव हो पाई है, ये मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि आपने मोदी की गारंटी पर भरोसा किया। पीएम ने कहा कि आप सभी ने अनुभव किया है कि हमारी सरकार कितनी तेजी अपनी गारंटियां पूरी कर रही है।
छत्तीसगढ़ की बहनों से जो हमने वादा किया था, वो पूरा करके दिखाया है। धान किसानों को 2 साल का बकाया बोनस मिला है। बढ़े हुए MSP पर धान की खरीदी की गई है। इससे लाखों किसान परिवारों को हजारों करोड़ रुपए मिले हैं। कांग्रेस की सरकार में यहां भर्ती परीक्षाओं में भी खूब घोटाले हुए, भाजपा सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में हुए घोटालों को लेकर जांच बैठाई है।
हमारी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं करवा रही है। इस ईमानदार प्रयासों का ही नतीजा है कि भाजपा पर जनता का भरोसा बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ को राज्य बने 25 साल हो रहे हैं। ये वर्ष छत्तीसगढ़ का रजत जयंती वर्ष है और संयोग से यह साल अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष भी है। छत्तीसगढ़ सरकार 2025 को अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रही है।
ये भी पढ़ें: कौन हैं रैपर सूरज चेरुकट उर्फ हनुमानकाइंड? जिनकी 'मन की बात' कार्यक्रम में PM मोदी ने की तारीफ












Click it and Unblock the Notifications