जानिए ! छत्तीसगढ़ विधानसभा में क्यों हुआ लखीमपुर खीरी की घटना का जिक्र?
रायपुर,14 मार्च।छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज विपक्ष ने नवा रायपुर किसान आंदोलन के दौरान किसान की मौत हो जाने का मुद्दा उठाया। भाजपा विधायकों ने नवा रायपुर के किसान सियाराम पटेल की मौत के मामले में स्थगन प्रस्ताव लाया,जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने अस्वीकार कर दिया।

11 मार्च को छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में चल रहे किसान आंदोलन के दौरान 66 वर्षीय किसान सियाराम पटेल की आकस्मिक मौत के मामले में भाजपा राज्य की भूपेश बघेल सरकार पर लगातार हमला बोल रही है। सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में भाजपा विधायकों ने किसान की मौत पर चर्चा की मांग करते हुए सदन में स्थगन प्रस्ताव चर्चा की मांग की , जिसे आसंदी की तरफ से नामंजूर किये जाने के बाद विपक्ष के विधायकों ने जमकर हंगामा करते हुए सदन से वाक आउट कर दिया।
नवा रायपुर में 70 दिन से चल रहे किसानों आंदोलन पर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि किसानों के 2 किलोमीटर तक ऐसा घेरा बना दिया गया है जैसे कांजी हाउस में जानवरों के लिए होता है। छत्तीसगढ़ के इतिहास में ऐसा कभी नही हुआ कि किसानों ने 70 दिन तक आंदोलन किया हो। वही पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह ने सदन के बाहर कहा कि इस विषय पर छत्तीसगढ़ में पिछले 3 सालों में 600 किसानों ने आत्महत्या की है। सरकार खुद को किसानों का हितैषी कहती है,लेकिन नवा रायपुर की घटना ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश में किसानों के साथ क्या सलूक किया जा रहा है।
सियाराम पटेल की मौत के लिए राज्य सरकार ही जिम्मेदार है क्योंकि इतने लम्बे आंदोलन के दौरान किसानो से कोई सार्थक चर्चा नहीं की गई। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार की संवेदना राज्य के किसानों के प्रति नहीं हैं,उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में घटी घटना के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों को 50 लाख रूपये मुआवजा देते है.लेकिन छत्तीसगढ़ में किसान की मौत होती है, तो 50 लाख की जगह चार लाख दिया जाता है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ के एक गांव में 18 मार्च से पहले ही मना लिया जायेगा होली का त्यौहार,जानिए वजह
शिक्षक भर्ती के मामले में भी गरमाया सदन का माहौल
छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायकों ने स्कूलों में व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षकों के भर्ती के मुद्दे पर भूपेश सरकार को जमकर घेरा।इतना ही नहीं, सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा भी किया। पूर्व मंत्री और भाजपा के सीनियर विधायक अजय चंद्राकर ने सदन के माध्यम से सरकार से सवाल पूछा कि राज्य के स्कूलों 15580 शिक्षक में अब तक शिक्षक , सहायक शिक्षक , व्याख्याता की कितनी भर्ती हुई है ?
सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम सवाल का जवाब देते हुए कहा कि राज्य में अब तक 2548 व्याख्याता , 2814 शिक्षक और सहायक शिक्षक 2209 पदों पर भर्ती पूरी की जा चुकी है। व्याख्याता संवर्ग में 629, शिक्षक संवर्ग में 3083, सहायक शिक्षक 3297 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। वही 7296 शिक्षक संवर्ग , 6130 व्याख्याता संवर्ग, 4268 सहायक शिक्षक के पद के लिए दस्तावेजों का सत्यापन किया जा चुका है और शेष भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने की समय सीमा बताना संभव नहीं है। छत्तीसगढ़ में 2020 से 6 दिसंबर 2021 तक अतिथि शिक्षकों की गिनती 1735 है, इनके नियमितीकरण की समय सीमा बता पाना संभव नहीं है। सरकार के उत्तर पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि अब तक मात्र 52 फ़ीसदी लोगों का सत्यापन किया गया है, यानि अभी भी 48 फ़ीसदी पर काम बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications